दूल्हे ने स्टूल पर चढ़कर वरमाला डालने की कोशिश की
- फोटो : एक्स@IamPramod94
भारत में शादी का मतलब सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं होता, बल्कि ये एक ऐसा जश्न है जिसमें पूरे परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों की खुशियां शामिल होती हैं। संगीत, डांस, हंसी-मजाक और रस्मों के बीच वरमाला का पल तो सबसे खास माना जाता है। यही वो लम्हा होता है जब दूल्हा-दुल्हन पहली बार सबके सामने एक-दूसरे को माला पहनाते हैं। लेकिन कभी-कभी यही रोमांटिक पल हंसी का फव्वारा बन जाता है और कुछ ऐसा ही देखने को मिला एक वायरल वीडियो में, जिसे देखकर लोग अपनी हंसी रोक नहीं पा रहे हैं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो किसी गांव की शादी का बताया जा रहा है। स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन सज-धज कर खड़े हैं। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच माहौल में जोश और मस्ती भरी हुई है। चारों ओर लोग मोबाइल निकालकर इस यादगार पल को कैद करने में लगे हैं। पहले नंबर पर दुल्हन आती है और बिना किसी झिझक के मुस्कुराते हुए अपने दूल्हे के गले में वरमाला डाल देती है। जैसे ही माला उसके गले में पड़ती है तालियों की आवाज और खुशी के शोर से पूरा माहौल गूंज उठता है।
दूल्हे ने स्टूल पर चढ़कर वरमाला डालने की कोशिश की
लेकिन जैसे ही दूल्हे की बारी आती है मामला पलट जाता है। दुल्हन के घरवालों ने मजे लेने के लिए उसे हल्का-सा ऊपर उठा लिया ताकि दूल्हे को वरमाला डालने में दिक्कत हो। शुरुआत में तो यह सब मजेदार लग रहा था, सब लोग हंस रहे थे। लेकिन दूल्हा भी कुछ कम नहीं था। उसने झट से पास में रखे एक स्टूल पर कदम रख दिया और ऊपर चढ़कर माला डालने की कोशिश करने लगा।
धड़ाम से गिरी दुल्हन
बस फिर क्या था, वहीं से शुरू हुआ असली ड्रामा। जैसे ही उसने वरमाला डालने की कोशिश की, उसका बैलेंस बिगड़ गया और अचानक दुल्हन को पकड़े लोग भी संतुलन खो बैठे। देखते ही देखते सब सीधा स्टेज पर गिर गए। कुछ सेकंड के लिए सब सन्न रह गए। सबको लगा कि कहीं किसी को चोट तो नहीं लगी। लेकिन जैसे ही सबको एहसास हुआ कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, पूरा माहौल हंसी से गूंज उठा।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
यह मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर जबर्दस्त वायरल हो गया है। इसे एक्स पर @IamPramod94 नाम के यूजर ने शेयर किया और अब तक इसे लाखों लोग देख चुके हैं। लोग इस वीडियो को देखकर तरह-तरह के मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “लगता है दूल्हा पायलट है, उड़ने की प्रैक्टिस कर रहा था।” दूसरे ने मजाक में लिखा, “अब किसी की वरमाला में नहीं जाएगी दीदी!” वहीं किसी ने कहा, “आजकल लोग वायरल होने के लिए शादी को भी कॉमेडी शो बना देते हैं।”