औरैया। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी वृद्ध ने गर्मी से दम तोड़ दिया। घटना के वक्त मृतक ट्रैक्टर से गेहूं की बोरियां उतार रहा था। तभी तेज धूप का शिकार होकर ट्राली पर ही गिर गया। इसी बीच मौके पर मौजूद उसके पुत्र तुरंत उठाकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शनिवार की दोपहर लगभग 12 बजे मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी वृद्ध किसान राघवेंद्र सिंह (65) पुत्र दान सिंह अपने गांव प्रयागपुर थाना अयाना स्थित खेतों से गेहूं की बोरियां लादकर लाया जिसमें आधी बोरियां किसान ने गल्ला मंडी आढ़ती प्रताप की आढ़त पर उतार दी जबकि शेष आधी बोरियां लेकर अपने सत्तेश्वर स्थित आवास पर पहुंचा। जहां वृद्ध ट्राली से बोरियोें को उठाकर अपने पुत्रों के माध्यम से घर में रखवा रहा था। दोपहर को तेज धूप थी। तभी बोरियां उठाते वृद्ध किसान अचानक ट्राली पर ही गिर पड़ा। पिता को गिरते देख पुत्र उन्हें लेकर जिला अस्पताल औरैया पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दौरान जिला अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि वृद्ध की अस्पताल में आने से पहले ही मौत हो चुकी थी। इस पर परिजन मृतक वृद्ध के शव को घर ले गए। वृद्ध की मौत की खबर परिजनों को लगते ही घर में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे और किसान की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की।