महिला को घूमने का था शौक तो ट्रक ड्राइवर से कर ली शादी
- फोटो : एक्स@Redd_flaggg
सोशल मीडिया की दुनिया बहुत ही अनोखी है। यहां कब, कौन सा वीडियो लोगों का ध्यान खींच ले, इसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। आप अगर रोजाना थोड़ा-बहुत समय भी फेसबुक, इंस्टाग्राम या एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर बिताते हैं, तो आपने जरूर कई तरह के वीडियो देखे होंगे। कभी कोई जुगाड़ वाला वीडियो लोगों को चौंका देता है तो कभी किसी का स्टंट वायरल हो जाता है। कई बार तो ड्रामे से भरे वीडियो भी खूब शेयर किए जाते हैं और कभी-कभी ऐसा कंटेंट दिख जाता है जिसकी उम्मीद ही नहीं होती। इस बार भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है जो लोगों को हंसाने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर रहा है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
अब जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें नजर आता है कि एक ट्रक सड़क पर खड़ा है और उसमें ड्राइवर अपनी सीट पर बैठा हुआ है। ड्राइवर के ठीक बगल में एक महिला बैठी हुई है, जो कैमरे पर अपने दिल की बात कहती दिख रही है। वह महिला बड़ी ही मजेदार बात कहती है। वह कहती है कि पहले उसके पापा और नाना उसे घर से बाहर नहीं निकलने देते थे। उसे घूमने-फिरने का बहुत ज्यादा शौक था, लेकिन घरवालों के रोकने के कारण वह कहीं जा नहीं पाती थी। फिर उसने सोचा कि इस शौक को पूरा करने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि वह किसी ट्रक ड्राइवर से शादी कर ले। ऐसा करने से वह जब चाहे, जहां चाहे घूम सकती है। महिला ने मुस्कुराते हुए कहा, “अब ये जहां-जहां जाते हैं, वहां-वहां मैं भी जाती हूं और पूरी दुनिया घूम रही हूं।”
महिला ने इस वजह से कर ली ट्रक ड्राइवर से शादी
महिला का यही मजेदार अंदाज लोगों को बेहद पसंद आ रहा है। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, लोग इसे तेजी से शेयर करने लगे। महिला की बात सुनकर बहुत से यूजर्स ने मजाकिया कमेंट भी किए। इस वीडियो को एक्स प्लेटफॉर्म पर @Redd_flaggg नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा गया, “डिग्री की वैल्यू घट रही है और ट्रक ड्राइवर की वैल्यू बढ़ रही है।” यह कैप्शन भी लोगों को काफी मजेदार लगा और इसी वजह से वीडियो पर खूब सारे व्यूज़ और रिएक्शन आ रहे हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने किए मजेदार कमेंट्स
वीडियो को अब तक हजारों लोग देख चुके हैं और इस पर लगातार कमेंट्स की बौछार हो रही है। एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, “भाई, तुम लोग तो हर रोज हमें नया पेशा अपनाने के लिए मजबूर कर रहे हो।” दूसरे यूजर ने कमेंट किया, “लगता है अब ड्राइविंग स्कूल ही ज्वाइन करना पड़ेगा।” तीसरे शख्स ने हंसते हुए लिखा, “मुझे तो ऐसी पार्टनर चाहिए जो घुमाने ले जाए।”