पटना मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल से हाल ही में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां काम करने वाले एक डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि अस्पताल के अंदर खिड़की के ऊपर का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। डॉक्टर का दावा है कि यह घटना ऑपरेशन थियेटर के अंदर हुई, जब वह खुद एक सर्जरी कर रहे थे। हादसे में डॉक्टर को चोट आई, जबकि उनके साथ खड़ी सिस्टर बाल-बाल बच गईं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
डॉक्टर ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डालते हुए लिखा कि इस तरह की स्थिति में काम करना बेहद मुश्किल है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे माहौल में डॉक्टर और स्टाफ कैसे मरीजों की जान बचाने का काम करेंगे। डॉक्टर ने साफ कहा कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि अस्पताल की खराब स्थिति और लापरवाही का बड़ा सबूत है।
ऑपरेशन थियेटर की छत ही गिर गई
वीडियो में देखा जा सकता है कि ऑपरेशन थियेटर के अंदर खिड़की के पास की छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिरा हुआ पड़ा है। यह वीडियो जिस डॉक्टर ने शेयर किया, वह ऑर्थोपेडिक विभाग से जुड़े हैं। उनका कहना है कि प्लास्टर गिरने के वक्त वह सर्जरी कर रहे थे। अचानक हुए इस हादसे में उनके पैर पर चोट लग गई। वहीं उनके बगल में खड़ी नर्स इस दुर्घटना से बाल-बाल बच गईं।
डॉक्टर ने एक्स पर किया यह पोस्ट
डॉक्टर ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा, “आज PMCH में सर्जरी करते समय मेरे ठीक पीछे ऑपरेशन थिएटर का छत गिर गया। इससे मेरे पैर में चोट लगी और वहीं मौजूद सिस्टर किसी तरह बच गईं। ऐसे माहौल में आखिर कैसे काम किया जाए? और ऐसे हालात में विश्व का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल बनने का सपना कैसे पूरा होगा?”
वीडियो पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अब तक इसे एक लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और साढ़े तीन हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो देखने के बाद लोग कमेंट सेक्शन में अपनी नाराजगी और गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर इस दौरान बड़ा हादसा हो जाता, तो आखिर इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? एक यूजर ने लिखा कि “बिहार की ज्यादातर पुरानी सरकारी इमारतों की यही हालत है। इन पर कोई ध्यान नहीं देता और यही वजह है कि आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि “अगर ऑपरेशन के दौरान यह बड़ा हादसा हो जाता तो मरीज और डॉक्टर दोनों की जान खतरे में पड़ सकती थी।”