जानवर इंसानों की तरह अपनी बात कह नहीं सकते। वो बेजुबान होते हैं, लेकिन उनमें भी भावनाएं होती हैं। अगर उनके साथ प्यार और अपनापन दिखाया जाए तो वो भी इंसानों को उतना ही सम्मान और स्नेह देते हैं। लेकिन अफसोस की बात ये है कि कुछ लोग इस बात को कभी समझ ही नहीं पाते। उनके लिए जानवर सिर्फ एक खिलौना या सामान की तरह होते हैं। ऐसे लोग उन पर जुल्म करने से भी पीछे नहीं हटते। सोशल मीडिया पर आजकल एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को गुस्से से भर दिया है और सभी का दिल दुखा दिया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स अपने ही पालतू ऊंट को बहुत बेरहमी से पीट रहा है। ऊंट बेचारा बस तड़प रहा है और मजबूरी में मार खा रहा है। यह सीन इतना दर्दनाक है कि कोई भी देखे तो उसका खून खौल जाए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि ऊंट जमीन पर बैठा हुआ है और उसका मालिक हाथ में डंडा लिए उसकी गर्दन पर लगातार वार करता जा रहा है। ऊंट डर के मारे अपनी गर्दन जमीन से सटाकर छिपाने की कोशिश करता है, लेकिन मालिक को उस पर बिल्कुल भी दया नहीं आती। वो बिना रुके डंडे बरसाता रहता है। यह पूरा मामला राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में लगे गोगामेडी मेले का बताया जा रहा है। यह मेला देश के सबसे बड़े मेलों में से एक माना जाता है। हर साल इस मेले में लाखों लोग श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं और बड़ी संख्या में ऊंट भी यहां लाए जाते हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
इस दर्दनाक वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @VinoBhojak नाम की आईडी से साझा किया गया है। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया है, “लाड़ प्यार में डांट-डपट चलती रहती है, लेकिन कोई ऐसे थोड़ी मारता है।” यह वीडियो सिर्फ 34 सेकंड का है, लेकिन इन कुछ सेकंड में ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अब तक इसे 1 लाख 94 हजार से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है और सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक भी किया है। वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स जमकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने गुस्से में लिखा, “यह आदमी तो जानवर से भी बदतर है।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “ये तो जानवरों के साथ सीधा-सीधा अत्याचार है। राजस्थान की शान हैं ये ऊंट।” किसी ने लिखा कि “बेजुबान जानवरों के साथ ऐसा सलूक करना बहुत ही दुखद है।”