इन दिनों सोशल मीडिया पर हल्दी-गिलास ट्रेंड ने सबका ध्यान खींचा हुआ है। यह ट्रेंड आम लोगों से लेकर बड़े-बड़े सेलिब्रिटीज और राजनीतिक हस्तियों तक में जबरदस्त लोकप्रिय हो रहा है। लोग अलग-अलग तरीकों से इस ट्रेंड को फॉलो करते दिख रहे हैं और इसके वीडियो बनाकर शेयर कर रहे हैं। लेकिन इसी बीच एक युवक ने इस ट्रेंड को करने के चक्कर में ऐसी लापरवाही कर दी कि उसकी जान जोखिम में पड़ गई। उसने इस ट्रेंड को तालाब में अंजाम देने की सोची और वहां उसके साथ ऐसा हादसा हुआ कि हर कोई हैरान रह गया। इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और इसे देखकर लोग हैरानी और डर से भर गए हैं। तो आज की इस खबर में हम भी आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स हल्दी-गिलास ट्रेंड के लिए हरे काई से भरे एक तालाब में खड़ा है। तालाब का पानी बेहद गंदा नजर आ रहा है, लेकिन युवक को इसकी परवाह नहीं है। वह हाथ में एक चम्मच हल्दी लेकर तालाब के पानी में डालता है और इस उम्मीद में खड़ा रहता है कि हल्दी डालने के बाद कुछ मजेदार या जादुई होगा, जैसा इस ट्रेंड में दिखाया जाता है। लेकिन जैसे ही हल्दी तालाब में गिरती है, तभी वहां से अचानक एक सांप पानी के ऊपर फन निकालकर बाहर आ जाता है। सांप युवक की तरफ झपटने के लिए आगे बढ़ता है, जिसे देखकर युवक का चेहरा सफेद पड़ जाता है और उसकी आंखें फटी की फटी रह जाती हैं। घबराहट में युवक तालाब से बाहर की ओर दौड़ पड़ता है। ये पूरी घटना वीडियो में साफ नजर आती है और इसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने किए बेहद मजेदार कमेंट्स
यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स के जबरदस्त रिएक्शन आने शुरू हो गए हैं। कुछ लोगों ने इसे सबसे खतरनाक हल्दी-गिलास रील बताया है। एक यूजर ने कमेंट किया, “लो बेटा, अब बन गई रील और यादगार भी।” एक और यूजर ने मजाक उड़ाते हुए लिखा, “अब तो यह हल्दी का नाम सुनते ही कांप जाएगा।” वहीं एक यूजर ने लिखा, “हल्दी-गिलास ट्रेंड का सबसे डरावना वीडियो है ये।” एक और यूजर ने कहा, “बच गया बेटा, वरना सांप नया ट्रेंड शुरू कर देता।”
वीडियो देख लोगों को हुई हैरानी
इस वीडियो को लेकर लोग यह भी पूछ रहे हैं कि कहीं यह सब स्क्रिप्टेड तो नहीं था, यानी पहले से प्लान किया गया सीन तो नहीं था। हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह वीडियो असली था या शूट किया गया था। बावजूद इसके इस क्लिप को अब तक 46 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं और हजारों लोग इसे शेयर कर चुके हैं। कई यूजर्स ने कमेंट बॉक्स में शॉकिंग और डरावने इमोजी भी पोस्ट किए हैं, जो इस वीडियो को देखकर उनकी हालत बयां कर रहे हैं। यही नहीं, लोग इसे वीडियो को अपनी स्टोरी पर भी तेजी से शेयर कर रहे हैं।