एक शिक्षक ने अपने अनाथ छात्र को नई स्कूल ड्रेस खरीद कर दी
- फोटो : @shubham_sherwal
Viral Video: वो बच्चे जो बचपन में ही अपने माता-पिता दोनों को खो देते हैं। उनकी देखभाल के अभाव में अकेलेपन से लेकर छोटी-छोटी चीजों को लेकर तरसते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखने के बाद आपकी भी आंखें भर आएगी। वीडियो में एक शिक्षक अपने अनाथ छात्र को नई स्कूल ड्रेस खरीद कर देता है, जिसके पीछे की वजह जानकर आप भी भावुक हो जाएंगे। बता दें कि वीडियो को अभी तक 3 मिलियन से भी ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
वायरल वीडियो में एक सरकारी स्कूल का शिक्षक राज नाम के एक छात्र से पूछता नजर आता है कि, उसने स्कूल की ड्रेस वाली पैंट क्यों नहीं पहनी है। इस पर राज बताता है कि उसकी पैंट फट गई है। जब शिक्षक ने उससे पूछा कि वह नई पैंट क्यों नहीं खरीद रहा, तो बच्चे ने मासूमियत से जवाब दिया कि जब उसके दादाजी की पेंशन आएगी तब वह नई पैंट लेगा।
बातचीत के दौरान शिक्षक को पता चला कि राज के माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और वह अपने दादा के साथ रहता है। यह कहते समय बच्चे की आंखों में आंसू आ गए, जिसे देखकर टीचर भावुक हो गया और उन्होंने राज को गले लगाकर उसे हिम्मत दी। अगले ही दिन शिक्षक उसके लिए नई शर्ट और पैंट खरीदकर लाए और उसे पहनने में मदद भी की।
अनाथ छात्र के इस वीडियो को खुद शिक्षक शुभम शेरवाल ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम @shubham_sherwal पर शेयर किया है। वीडियो को अभी तक 3 मिलियन (30 लाख) से भी ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर यूजर्स की जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा- इस मासूम से बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए धन्यवाद सर। दूसरे यूजर ने लिखा- गुरु जी ने दिल खुश कर दिया, गुरु जी को सलाम।