20 रुपये की कॉपी और पैन कार्ड लेकर बन गया टीटीई
- फोटो : एक्स@JharkhandRail
सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग कई बार ऐसी हरकतें कर जाते हैं, जो दूसरों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। गुजरात के सूरत रेलवे स्टेशन से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां 25 साल के सामीउल्लाह शेख, जिसे सामी के नाम से भी जाना जाता है ने फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों के टिकट चेक किए। इतना ही नहीं, उसने कुछ यात्रियों से पैसे भी ले लिए।
यात्रियों का टिकट चेक करना किया शुरू
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सामी रविवार को सूरत रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 पर पहुंचा था। उसने टीटीई जैसी वेशभूषा पहनी थी और अपने पैन कार्ड को पहचान पत्र की तरह गले में लटका रखा था। इसके अलावा उसने 20 रुपये की कॉपी लेकर यात्रियों के टिकट चेक करना शुरू कर दिया। वह इस पूरी हरकत का वीडियो भी बना रहा था।
फर्जी टिकट करके कितनी कमाई करते हैं?
वीडियो में सामी ने बताया कि वह देखना चाहता था कि फर्जी टीटीई बनकर कितनी कमाई की जा सकती है। इस दौरान कुछ यात्रियों ने पैसे नहीं होने की बात कही, जबकि कुछ ने अलग-अलग बहाने बनाए। प्लेटफॉर्म पर लोगों से पैसे मिलने के बाद उसका हौसला बढ़ा और वह ट्रेन के अंदर भी चला गया। वहां भी उसने कुछ यात्रियों से पैसे लिए, जिन्हें बाद में लौटा दिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, रेलवे से हुई शिकायत
इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। यूजर्स का कहना था कि अगर कोई व्यक्ति आसानी से फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से पैसे ले सकता है, तो यह गंभीर मामला है। वीडियो शेयर करते हुए संबंधित हैंडल ने रेलवे अधिकारियों से कार्रवाई की अपील की। इसके बाद डीआरएम मुंबई सेंट्रल ने मामले का संज्ञान लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बलऔर राजकीय रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
लिम्बायत-उधना इलाके से गिरफ्तारी, दर्ज हुआ केस
रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई डिवीजन के कंट्रोल रूम से शिकायत मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जांच की। इसके बाद सामीउल्लाह शेख को लिम्बायत-उधना इलाके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने यह वीडियो मनोरंजन के लिए बनाया था। पुलिस ने उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145(2)(ए) और 147 के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद उसने माफी मांगी और अपने सोशल मीडिया अकाउंट से रील हटा दी।