भाई-बहन का रिश्ता हमेशा से ही सबसे खास और अनोखा होता है। प्यार, तकरार, नोकझोंक और मस्ती से भरे इस रिश्ते में हर दिन कुछ नया देखने को मिलता है। हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जो इस रिश्ते की शरारतों से भरा है। वीडियो में दिख रही मासूम लड़ाई लोगों को खूब पसंद आ रही है और हर किसी को अपने बचपन की यादें ताजा हो गई हैं। हालांकि, कई लोग इस वीडियो की खूब आलोचना भी कर रहे हैं और लड़के के संस्कारों पर सवाल उठा रहे हैं। तो आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वीडियो की शुरुआत में देखा जा सकता है कि एक भाई और बहन स्कूल से घर लौटे हैं और मां के पास बैठे हैं। तभी भाई बहन से कहता है, "मैं तेरी हर एक बात छिपा लेता हूं और तू मेरी हर बात बता देती है। एक नंबर की गंदी बहन है तू।" दरअसल, बहन अपने भाई की किसी हरकत के बारे में मां को बताने जा रही होती है, जिसे रोकने के लिए भाई उसे मनाने की कोशिश करता है।
बहन को देता है चेतावनी
भाई कई तरीके अपनाता है ताकि बहन चुप हो जाए, लेकिन जब वह नहीं मानती तो भाई थोड़ा सख्त अंदाज अपनाता है। सनी देओल के अंदाज में वह कहता है, "ओए मत कर, अभी ये 250 किलो का हाथ पड़ गया ना, तो इंसान उठता नहीं है, उठ जाता है।" फिर बहन को चेतावनी देता है, "पिट जाएगी, चुप हो जा।"
बहन को थप्पड़ मार देता है भाई
इसके बावजूद बहन मां को सब बताने की जिद पर अड़ी रहती है। इस पर भाई इमोशनल हो जाता है और बहन के पास आकर गिड़गिड़ाने लगता है। रोते हुए कहता है, "मेरी प्यारी बहन है, कुछ मत बता प्लीज।" वह बहन के पैर छूकर माफी मांगता है, लेकिन बहन टस से मस नहीं होती। वह साफ कहती है कि वह माफ नहीं करेगी। इसके बाद भाई का गुस्सा फूट पड़ता है और वह बहन को थप्पड़ मार देता है। यह देखकर मां नाराज हो जाती है और बेटे को डांटती है। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है।
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
वीडियो को अब तक 34 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। यूजर्स भी खूब प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "भाई-बहन अगर एक ही स्कूल में पढ़ें तो ऐसे ही झगड़े होते हैं।" वहीं एक और यूजर ने मजाक में लिखा, "भाई ने पहले माफी मांगी, रिक्वेस्ट की, पैर छुए, सब किया, लेकिन जब कुछ असर नहीं हुआ तो आखिरकार थप्पड़ ही रास्ता था।" वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि बहन को इस तरह मारना बिल्कुल भी ठीक नहीं है। अगर आगे भी इस आदत को सुधारी नहीं जाए तो लड़का बिगड़ भी सकता है।