मेडिकल सांइस की दुनिया इतनी हैरान कर देने वाली भी हो सकती है, इस बात को यकीन करना मुश्किल है। आप धीरे-धीरे मोटे हो रहें हों और पेट के निकलने को आप वजन बढ़ने से ही जोड़कर देखें, तो आप गलत साबित हो सकते हैं।
हम आपको डरा नहीं रहें, बल्कि इस मामले के मद्देनजर सचेत कर रहें हैं कि हो सकता है वजन बढ़ने की सोच गलत हो और पेट में एक ट्यूमर बढ़ रहा हो।
ईप्रहार के मुताबिक मुंबई के पारेल में रहने वाली एक महिला के पेट में 12 किलो का ट्यूमर था। पिछले छह महीने से उनका वजन बढ़ रहा था, लेकिन उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि इसकी वजह ट्यूमर है।
ट्यूमर था कैंसर वाला
पिछले कुछ दिनों से इस महिला को पेट में कड़ापन रहने की शिकायत थी। उन्हें चलने-फिरने में भी समस्या थी। इस शिकायत को जब वो डॉक्टर के पास लेकर गई तो उनका सीटी स्कैन और एमआरआई भी हुआ।
पता चला कि पेट में बड़ा सा ट्यूमर है जो बढ़ रहा है। ग्लोबल हॉस्पिटल के कंसल्टेंट जनरल सर्जन डॉ निमेश शाह ने बताया कि इस महिला को ना ही पेट दर्द और ना ही किसी इंफेक्शन की शिकायत इन छह महीनों में हुई।
वो खुद हैरान थे ये देखकर कि महिला को कैसे पता नहीं चला और ट्यूमर अब इतना बढ़ चुका था कि कैंसर के स्टेज में जाने वाला था।
हुई सर्जरी
मामले की गंभीरता को समझते हुए डॉक्टरों ने फौरन महिला की सर्जरी की। सर्जरी सफल रही और उनके पेट से 12 किलो के ट्यूमर को निकाल दिया गया।
इस ट्यूमर की तस्वीरें जारी नहीं की जा सकीं। डॉक्टरों ने बाद में बताया कि महिला को लिपोसाकोमा था। ये ऑपरेशन चार घंटे तक चला और इसमें 4 बोतल खून को बदला गया।
ये एक दुर्लभ मामला था। अगर इसे पेट में छोड़ दिया जाता तो हो सकता था कि इससे महिला का गुर्दा, फेफड़े और दिमाग तक असर हो गया होता। ट्यूमर निकाले जाने के बाद अभी भी डॉक्टर कई चरणों में महिला के पेट में बचे हुए कुछ ट्यूमर के छोटे अंश को रेडिऐशन थेरेपी से निकाल बाहर करेंगे।