चार माह के एक बच्चे के शरीर के अंदर 25 सुइयां पाई गई हैं। ये सुइयां उसके पैर, हाथ, पेट यहां तक रेक्टम के रास्ते किसी ने बेरहमी से डाली हैं। ये काम किसने किया ये अभी पता नहीं चला है। सोमवार को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के बाल शल्य चिकित्सा विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर एस एन कुरील ने बच्चे का ढाई घंटे तक ऑपरेशन कर तीन सूइयां निकालीं।
डॉक्टर कुरील ने बताया कि ये तीनों सूइयां बच्चे के पेशाब के रास्ते को बंद किए हुए थीं और वहां से खून आ रहा था और अंदर पस पड़ गया था। अन्य सूइयों के बारे में डॉक्टर कुरील ने कहा कि अभी बच्चे को उनसे ज्यादा खतरा या तकलीफ नहीं है लेकिन धीरे-धीरे उनको भी निकालने का प्रयास किया जाएगा।
बीबीसी की खबर के मुताबिक डॉक्टर का कहना है कि ये सूइयां प्लास्टिक की सिरिंज से तोड़ कर बच्चे के बदन में डाली गई हैं। डॉक्टर कुरील का कहना है, "अपनी तरह का ये पहला केस है जब किसी बच्चे के बदन में एक साथ इतनी बाहरी चीजें डाली गई हों। एक-दो सुइयों के उदाहरण तो हैं लेकिन 25-26 सुइयां, इसका जिक्र हम लोगों को नहीं मिला है।