वीडियो में क्या है?
वीडियो में देखा जा सकता है कि कई तैराक इस जीव के आसपास दिखाई दे रहे हैं। कुछ तैराक इस जीव को अपने कैमरे में कैद करना चाह रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि पानी के अंदर निचले सतह पर इतने आसानी से सभी लोग तैरकर इस जीव का पीछा कर रहे हैं। कुछ समय के बाद एक तैराक रिबन ईल के सामने आकर वीडियो बनाने लगता है।
रिबन ईल की मुख्य विशेषताएं
रिबन ईल मुख्य रूप से हिंद महासागर और प्रशांत महासागर के इलाकों में पाया जाता है। यह समुद्री जीव अपनी अनोखी खूबियों के लिए जाना जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह अपने जीवनकाल में अपना रंग और लिंग बदल सकता है। रिबन ईल अपने जीवन के अलग-अलग चरणों में काले, नीले और पीले रंग में दिखाई देती है। शुरुआत में यह काले रंग की होती है, फिर नीले रंग में बदलती है और आखिर में पीले रंग की हो जाती है। इसके अलावा, यह जीव नर से मादा में भी परिवर्तित हो सकता है। इस प्रक्रिया को "सीक्वेंशियल हर्माफ्रोडाइटिज्म" कहते हैं, जिसमें यह पहले नर के रूप में जीवन शुरू करता है और बाद में मादा बन जाता है। यह खासियत इसे समुद्री जीवन में अनोखा बनाती है।
रिबन ईल एक ऐसी जीव है जो छिपकर रहती है, जिसके कारण इसे देख पाना मुश्किल होता है। रिबन ईल रेत में बिल बनाकर उसमें लंबे समय तक रह सकती है, जिससे यह शिकारियों से बची रहती है। यह जीव छोटी मछलियों, केकड़ों और अन्य समुद्री जीवों को अपना शिकार बनाती है। इसका लहराता हुआ अंदाज लोगों को खूब पसंद आता है।
लोगों की प्रतिक्रिया
इंटरनेट पर लोग इस जीव की खूबसूरती की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'रिबन ईल को देखकर ऐसा लगता है जैसे समुद्र में कोई जादू चल रहा हो। प्रकृति वाकई कमाल की है!' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'भगवान सच में महान है, जो इस दुनिया बहुत खूबसूरत बनाया है।' इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @pubity नाम के यूजर ने शेयर किया है। खबर लिखने तक इस वीडियो को 1 करोड़ 28 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, साथ ही इसे 3 लाख से अधिक लोगों ने लाइक किया है।