देश के कई हिस्सों में इन दिनों बारिश आफत बनी हुई है। कहीं सड़कें पानी में डूबी हैं तो कहीं जलभराव के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लेकिन इस बारिश का असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है। बेजुबान जानवर भी इससे बचने के लिए अपने-अपने तरीके खोज रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी बात की दिलचस्प तस्वीर पेश कर रहा है, जिसमें एक चूहा पानी के बीच तैरती चप्पल को ही अपनी नाव बना लेता है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
चूहे ने तैरती चप्पल को बनाया नाव
वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अलग-अलग अकाउंट से शेयर किया गया है। इसमें देखा जा सकता है कि तेज बारिश के बीच चारों तरफ पानी भरा हुआ है। सड़क और उसके आसपास मौजूद छोटे-बड़े गड्ढे भी पानी से लबालब हैं। ऐसे मुश्किल हालात में एक लाल रंग की चप्पल पानी पर तैरती दिखाई देती है। इसी चप्पल पर एक चूहा बैठा हुआ है और बिना घबराए पानी के बीच आगे बढ़ता नजर आता है।
अद्भुत नजारे को कैमरे में किया कैद
वीडियो देखकर ऐसा लगता है कि चूहे के सामने उस वक्त पानी से बाहर निकलने के लिए ज्यादा ऑप्शन नहीं थे। ऐसे में तैरती हुई चप्पल उसके लिए किसी सहारे से कम नहीं रही होगी। वह उसी पर बैठकर बारिश के बीच पानी पार करने की कोशिश करता दिखाई देता है। किसी व्यक्ति ने इस पूरे सीन को कैमरे में कैद कर लिया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो पर यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स ने भी अपने-अपने अंदाज में प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। एक यूजर ने लिखा कि चप्पल इस चूहे के लिए नाव बन गई। वहीं, एक दूसरे यूजर को इसमें ‘डूबते को तिनके का सहारा’ वाला मुहावरा सच होता नजर आया। किसी ने चप्पल को चूहे के लिए भगवान से कम नहीं बताया तो किसी ने कहा कि जब पानी सिर से ऊपर हो और अचानक ऐसा सहारा मिल जाए तो इससे बड़ी खुशी क्या होगी।
शख्स ने किया ऐसा सवाल
हालांकि, कुछ यूजर्स ने चूहे की चिंता भी जताई। एक ने मजाक में कहा कि बाहर निकलते ही चूहा अपने रक्षक यानी चप्पल को ही काटना शुरू कर देगा। वहीं कुछ लोगों ने वीडियो बनाने वाले शख्स से सवाल किया कि क्या उसने बाद में चूहे को सुरक्षित बाहर निकाला या नहीं। एक यूजर ने चिंता जताते हुए कहा कि अगर किसी ने उसकी मदद नहीं की तो दिन ढलने तक वह पूरी तरह पानी में डूब सकता है।