,प्रेमिका से नाराज आशिक हाइटेंशन लाइन पर चढ़ा
- फोटो : एक्स@ManojSh28986262
यह बात सच है कि प्यार में लोग क्या कुछ नहीं कर बैठते हैं। आपने फिल्मों में देखा होगा कि प्रेमी अपने इश्क को पाने के लिए कभी पहाड़ पार करते हैं तो कभी खुद को खतरे में डालने से भी पीछे नहीं हटते। लेकिन जब ऐसा ही कुछ असल जिंदगी में होता है तो नजारा किसी फिल्म से कम नहीं लगता। कुछ ऐसा ही हैरान करने वाला वाकया हुआ है उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में, जहां एक युवक ने मोहब्बत में नाराजगी के चलते ऐसा कदम उठाया कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वायरल वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
रायबरेली के उसरैना गांव में एक लड़के ने अपनी प्रेमिका से नाराज होकर 40 फीट ऊंचे हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। लड़के की इस हरकत से गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भारी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। कोई उसे समझाने में लगा था तो कोई मोबाइल से वीडियो बना रहा था। इस हैरान करने वाली घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दोनों ही विभागों ने मिलकर लड़के को नीचे उतारने की हर संभव कोशिश की, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। वह किसी भी सूरत में खंभे से नीचे आने को तैयार नहीं था।
प्रेमिका के लिए प्रेमी ने पार की हद
जानकारी की मानें तो लड़के का नाम अंकित सिंह है और वह अपनी मौसी के घर उसरैना गांव आया था। वहीं उसकी प्रेमिका से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिससे नाराज होकर वह ट्रांसमिशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया। पुलिस और गांव वाले उसे शांत करने की कोशिश करते रहे, लेकिन मामला इतना पेचीदा हो गया कि पूरा दिन इसी में निकल गया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामा का सिलसिला दोपहर से शुरू होकर रात 2 बजे तक चलता रहा। इस दौरान गांव में तमाशबीनों की भीड़ जमा रही और सबकी नजरें खंभे पर टिकी थीं। सभी यही दुआ कर रहे थे कि लड़का कोई गलत कदम न उठा ले।
घंटों की मशक्कत के बाद उतरा लड़का
घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस और दमकल कर्मियों ने लड़के को सुरक्षित नीचे उतार लिया। राहत की बात ये रही कि कोई हादसा नहीं हुआ और लड़का सही सलामत बच गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।