Prince Borewell Boy 2026 Video: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुआ साल 2006 का हादसा एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में 60 फीट गहरे बोरवेल में गिरे प्रिंस का नया वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आता है, जिसमें नौजवान प्रिंस को देखकर सभी हैरान हैं।
Prince Borewell Boy Viral Video: कुछ कहानियां वक्त के साथ धुंधली नहीं पड़तीं, बल्कि हर बार याद आने पर दिल की धड़कनें तेज कर देती हैं। करीब 20 साल पहले एक ऐसी ही घटना ने पूरे देश को टीवी स्क्रीन के सामने थाम दिया था, हर आंख नम थी और हर जुबान एक ही प्रार्थना कर रही थी।
विज्ञापन
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में साल 2006 में एक मासूम बच्चा, प्रिंस, खेलते-खेलते 60 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। यह हादसा इतना भयावह था कि पूरे देश की नजरें उसी गड्ढे पर टिक गई थीं। करीब 50 घंटे तक चले मुश्किल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार प्रिंस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उस वक्त उसकी सलामती के लिए देशभर में प्रार्थनाओं का दौर चल पड़ा था।
वीन जिंदल के साथ नजर आया प्रिंस
अब दो दशक बाद वही प्रिंस एक बार फिर चर्चा में आया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में प्रिंस बीजेपी नेता और उद्योगपति नवीन जिंदल के साथ नजर आ रहा है। वीडियो में जिंदल खुद उसका परिचय कराते हुए बताते हैं कि यही वो बच्चा है, जिसे कभी पूरे देश ने मिलकर मौत के मुंह से खींचा था।
आज का प्रिंस बिल्कुल बदल चुका है। वह अब एक मजबूत और आत्मविश्वासी नौजवान बन गया है। नवीन जिंदल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि प्रिंस की मसल्स तो उनसे भी ज्यादा हो गई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रिंस इस वक्त आईटीआई की पढ़ाई कर रहा है और एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रहा है।
यहां देखें वीडियो
क्या था पूरा मामला?
गौरतलब है कि 21 जुलाई 2006 को कुरुक्षेत्र के शाहाबाद क्षेत्र के हलदेड़ी गांव में यह घटना हुई थी। प्रिंस एक चूहे को पकड़ने के चक्कर में बोरवेल में गिर गया था। इसके बाद इंडियन आर्मी की मदद से करीब 50 घंटे लंबा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसकी हर छोटी-बड़ी अपडेट मीडिया के जरिए पूरे देश तक पहुंच रही थी। उस वक्त प्रिंस सिर्फ चार साल का था। आज जब वह 20 साल बाद सबके सामने एक नए रूप में आया है, तो उसे पहचान पाना भी आसान नहीं है।