दिल्ली मेट्रो को भारत की राजधानी की अहम सवारी सेवा माना जाता है। लाखों लोग आज एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए मेट्रो का सहारा लेते हैं। हालांकि, फिर भी जब हम टीवी या सीरीज में विदेशों की मेट्रो सेवाओं की बात करते हैं, तो अक्सर हम सोचते हैं कि वे ज्यादा बेहतर होंगी, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक भारतीय व्लॉगर ने न्यूयॉर्क मेट्रो की तुलना दिल्ली मेट्रो से की है और उसने दिल्ली की मेट्रो को कहीं ज्यादा बेहतर बताया।
वायरल हुआ वीडियो
बता दें कि दिल्ली के व्लॉगर लव सोलंकी रुद्राक्ष हाल ही में न्यूयॉर्क गए थे। वहां उन्होंने न्यूयॉर्क की मेट्रो का अनुभव किया, जो उनके लिए चौंकाने वाला था। उन्होंने इसका वीडियो बनाया और उसमें दिखाया कि न्यूयॉर्क मेट्रो की हालत दिल्ली मेट्रो से काफी खराब है। वीडियो में व्लॉगर न्यूयॉर्क मेट्रो स्टेशन में दाखिल होते ही एक गंदगी का सीन देखता है, जहां मल पड़ा हुआ है। उसे वहां तेज फिनाइल जैसी गंध भी महसूस होती है। जैसे ही वह मेट्रो में बैठता है, उसे अजीब आवाजें सुनाई देती हैं और प्लेटफॉर्म पर पेशाब की गंध भी आती है। इसके अलावा, स्टेशन पर सामान बेचते लोग भी नजर आते हैं।
न्यूयॉर्क मेट्रो स्टेशन की दिखी गंदगी
इस अनुभव के बाद व्लॉगर ने कहा कि दिल्ली मेट्रो न्यूयॉर्क मेट्रो से कहीं बेहतर है। 40 सेकंड के इस वीडियो में वह अपना अनुभव साझा करता है और फिर स्टेशन से बाहर निकल आता है। एक और वीडियो में व्लॉगर ने न्यूयॉर्क मेट्रो के बाहर का दृश्य भी दिखाया, जहां एक आदमी सड़क पर सोता हुआ दिखाई देता है। इसके साथ ही स्टेशन के अंदर चूहे भी घूमते नजर आते हैं। इन दोनों वीडियो को लाखों लोगों ने देखा और शेयर किया।
व्लॉगर ने शेयर किया वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @delhi_youtuber अकाउंट से पोस्ट किया गया था, जिसमें व्लॉगर ने लिखा, "मुझे यकीन नहीं हुआ कि मेट्रो की हालत इतनी खराब होगी।" इस वीडियो को 20 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और 45 हजार से अधिक लाइक्स मिले हैं। व्लॉगर ने दूसरे वीडियो में लिखा, "पहले वीडियो की जबरदस्त सफलता के बाद, अब मैं दूसरा वीडियो लेकर आया हूं। मेट्रो में बहुत कुछ देखा, लेकिन वहां पेशाब की बदबू बहुत परेशान करने वाली थी।"
लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
वीडियो के कमेंट्स में यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, "अमेरिका क्या कहता था, 'क्या हो तुम?'" एक अन्य यूजर ने कहा, "भाई, दिल्ली मेट्रो सबसे बेस्ट है।" वहीं, एक और यूजर ने कहा, "मैंने न्यूयॉर्क में यही देखा है, ये तो नरक जैसा है।"