फ्लाइट में गर्मी के कारण शर्ट उतारकर बनियान में बैठे दिखे पैसेंजर्स
- फोटो : अमर उजाला
यात्रा को कंफर्टेबल और समय बचाने वाला बनाने के लिए लोग फ्लाइट को प्राथमिकता देते हैं भले ही कीमत ज्यादा क्यों न हो। लेकिन अगर वही हवाई सफर असुविधा में बदल जाए तो यात्री निराश हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही अनुभव एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान में देखने को मिला, जब यात्रियों को फ्लाइट के भीतर भारी गर्मी और एसी खराबी का सामना करना पड़ा। इसको लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग फ्लाइट के भीतर गर्मी के कारण कपड़े निकालकर बैठे हैं। यही नहीं, गर्मी इतनी ज्यादा बढ़ जाती है कि कई लोगों की तबीयत भी खराब हो जाती है। तो आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
गुरुग्राम निवासी तुषारकांत राउत, जो एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1128 में दिल्ली से भुवनेश्वर जा रहे थे, ने इस स्थिति को सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने बताया कि फ्लाइट ने 3:55 बजे उड़ान भरी थी और कुछ ही देर बाद विमान का एयर कंडीशनर बंद हो गया। इसके चलते करीब दो घंटे तक यात्रियों को बिना एसी के सफर करना पड़ा।
फ्लाइट में बैठे परेशान हुए यात्री
तुषार के मुताबिक, गर्मी का लेवल इतना अधिक था कि एक यात्री की तबीयत भी बिगड़ गई। बाकियों को भी पसीने और घुटन की स्थिति में सफर करना पड़ा। उन्होंने फ्लाइट के भीतर की कुछ तस्वीरें भी पोस्ट कीं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि यात्री परेशान और बेचैन हैं। उन्होंने एयरलाइन से अपील की कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए ताकि आगे किसी और को ऐसी तकलीफ न झेलनी पड़े।
जवाब देते हुए मांगी माफी
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस पर जवाब देते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि टेक्निकल कारणों से बोर्डिंग और टैक्सीइंग के दौरान एसी की क्षमता सीमित हो जाती है, लेकिन उड़ान भरने के बाद यह सामान्य रूप से काम करता है। साथ ही एयरलाइन ने यह भी कहा कि वे सेवा सुधार के लिए फीडबैक को सराहते हैं।
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने अपनी चिंता जताई। एक ने लिखा, “क्या टेक-ऑफ से पहले सही तरीके से जांच नहीं की जाती?” एक दूसरे यूजर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पिछली फ्लाइट में उन्हें भी ऐसी ही समस्याएं झेलनी पड़ी थीं। एक और यूजर ने कहा, “अगर ऐसी असुविधाएं लगातार होती रहीं, तो एयरलाइन को अपने ग्राहकों से हाथ धोना पड़ सकता है।”