सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। वीडियो में एक शख्स को सड़क किनारे ऑमलेट बनाते हुए देखा जा सकता है, लेकिन जिस चीज ने सबका ध्यान खींचा, वह है तेल का रंग, जो आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले कुकिंग ऑयल जैसा नहीं बल्कि इंजन ऑयल जैसा दिखता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पाकिस्तान से सामने आया है। इस क्लिप ने न केवल दर्शकों को चौंकाया है, बल्कि खाने की स्वच्छता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर चर्चा छेड़ दी है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो एक्स पर @Incognito_qfs नाम के यूजर द्वारा पोस्ट किया गया है। खबर लिखे जाने तक इसे 5.5 लाख से अधिक बार देखा जा चुका था और 5100 से ज्यादा लोगों ने इसे पसंद भी किया। तमाम यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा की हैं। एक व्यक्ति ने कमेंट किया, “यह तो जानलेवा हो सकता है! ऑमलेट बनाने में इंजन ऑयल?” वहीं, एक और यूजर ने हंसी में कहा, “शायद यह नया ‘डीलक्स ऑमलेट’ है!” कुछ ने यह भी सवाल उठाया कि कहीं यह वायरल वीडियो महज पब्लिसिटी स्टंट तो नहीं है?
इंजन ऑयल से बनाया ऑमलेट
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति स्टॉल पर ऑमलेट बना रहा है और तेल के रूप में किसी काले व गाढ़े तेल का इस्तेमाल कर रहा है, जो इंजन ऑयल जैसा नजर आता है। वीडियो के साथ मजाकिया लहजे में कैप्शन भी दिया गया है, “पाकिस्तानी लोग इंजन तेल में ऑमलेट बनाते हैं। सफाई के लिए 100 में से 100।” इस वीडियो को लेकर जब @Grok से जानकारी ली गई तो उसने कहा कि यह बार-बार उपयोग किया गया कुकिंग ऑयल है, न कि असली इंजन ऑयल। पाकिस्तान में कई स्ट्रीट फूड विक्रेता लागत कम रखने के लिए खाना पकाने वाले तेल का बार-बार इस्तेमाल करते हैं, जिससे उसका रंग और बनावट इंजन ऑयल जैसी हो जाती है।
लोगों ने वीडियो पर दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
जहां कुछ लोग इस वीडियो को मजाकिया या जानबूझकर वायरल कराने की कोशिश मान रहे हैं, वहीं कई यूजर्स इसे बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए इसकी निंदा कर रहे हैं। वीडियो ने सोशल मीडिया पर खाने की गुणवत्ता और सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों की विश्वसनीयता को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।