सोशल मीडिया पर अक्सर इंसानों के मजेदार वीडियो वायरल होते रहते हैं, लेकिन कई बार जानवर भी ऐसा कमाल कर देते हैं कि हंसी रोक पाना मुश्किल हो जाता है। आमतौर पर लोग पालतू कुत्तों को मालिकों के सामने ड्रामा करते हुए देखते हैं, कभी खाना पाने के लिए तो कभी बाहर घुमाने के लिए। लेकिन इन दिनों एक ऐसी बिल्ली का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने साबित कर दिया कि ह्यूमर सेंस सिर्फ इंसानों तक ही सीमित नहीं है। इस वीडियो में बिल्ली जिस अंदाज में नाटक करती नजर आती है, उसे देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। तो आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल हो रहे इस वीडियो में एक बिल्ली अचानक एक शख्स को देखकर अजीब तरह से चलने लगती है। वह अपने आगे वाले पैर को टेढ़ा कर लेती है और फिर लंगड़ाते हुए आगे बढ़ती है। पहली नजर में ऐसा लगता है कि शायद उसका पैर टूट गया है या उसे काफी दर्द हो रहा है। जिस तरह से घायल जानवर धीरे-धीरे और संभलकर चलते हैं, बिल्ली भी बिल्कुल उसी अंदाज में चलती दिखाई देती है। कुछ सेकंड तक उसका यह ड्रामा चलता रहता है और देखने वाला सच में परेशान हो जाता है कि कहीं बिल्ली को कुछ हो तो नहीं गया।
बिल्ली का नाटक देख सब हुए हैरान
लेकिन तभी कहानी में ट्विस्ट आ जाता है। कुछ पल बाद वही बिल्ली अचानक बिल्कुल नॉर्मल तरीके से चलने लगती है। न कोई लंगड़ाहट, न कोई दर्द का असर। ऐसा लगता है जैसे उसे कुछ हुआ ही नहीं था। इस एक पल में ही साफ हो जाता है कि यह सब सिर्फ नाटक था। बिल्ली का यह अंदाज देखकर लोग हैरान भी हैं और हंस-हंसकर लोटपोट भी हो रहे हैं। किसी को यकीन ही नहीं हो रहा कि एक बिल्ली भी इतनी शानदार एक्टिंग कर सकती है।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
यह मजेदार वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स यानी पहले ट्विटर पर @TheeDarkCircle नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया है, “शुरू में मैं बहुत चिंतित था।” महज 25 सेकंड का यह क्लिप देखते ही देखते वायरल हो गया। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 46 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक किया है और कमेंट सेक्शन में जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं।
लोगों ने बिल्ली के एक्टिंग की तारीफ की
यूजर्स इस वीडियो पर अलग-अलग अंदाज में अपनी राय दे रहे हैं। एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा कि यह बिल्ली नहीं, किसी टीवी सीरियल की बहू लग रही है। वहीं दूसरे ने कहा कि इतनी शानदार एक्टिंग देखकर लगता है कि इसने जरूर किसी एक्टिंग स्कूल से ट्रेनिंग ली है। कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि इस बिल्ली को किसी फिल्म या सीरियल में कास्ट कर लेना चाहिए।