22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने एक डरावना हमला किया, जिसमें 26 बेगुनाह लोगों की जान चली गई। यह हमला तब हुआ जब बहुत से पर्यटक पहलगाम घूमने आए थे। आतंकियों ने इन पर्यटकों को निशाना बनाकर उन्हें मारा, जिससे पूरे देश में शोक का माहौल बन गया। इस हमले के बाद भारत में गुस्सा बढ़ गया और 15 दिन बाद भारतीय सेना ने इसका जवाब देने के लिए “ऑपरेशन सिंदूर” शुरू किया। इस कार्रवाई के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया।
भारत और पाकिस्तान के बीच इन दिनों तनाव का माहौल बना हुआ है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सख्त जवाब दिया, जिससे पाकिस्तान बौखला गया। इसके बाद उसने भारत की ओर मिसाइलें दागनी शुरू कर दीं। लेकिन भारत की सेना और सुरक्षा सिस्टम ने हर बार पाकिस्तान की इन कोशिशों को नाकाम कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
खबरों की मानें तो पाकिस्तान ने एक और मिसाइल भारत की तरफ दागी, जिसे हमारी सेना ने सिरसा में मार गिराया। यह जगह बॉर्डर से करीब 150 किलोमीटर दूर है। ऐसे में ये मिसाइल वहां तक कैसे पहुंची इस पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। इस घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ गांव वाले उस मिसाइल को बिना किसी डर के उठा रहे हैं और उसे एक गाड़ी में रख रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे वो मिसाइल कोई आम चीज हो। ग्रामीण बहुत सहजता से मिसाइल को संभाल रहे हैं। मानो ये कोई खतरे की चीज न हो।
लोग दे रहे हैं ऐसी प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो एक्स (पहले ट्विटर) पर @BeniwalRajesh1 नाम के यूजर ने पोस्ट किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “सिरसा में पाकिस्तान की फुस्स मिसाइल गाड़ी में लोड करते गांव वाले।” बता दें कि इस वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं और इस पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक यूजर ने लिखा, “भाई, सिरसा बॉर्डर से 150 किलोमीटर दूर है, वहां तक मिसाइल आना बड़ी बात है।” दूसरे यूजर ने कहा, “पाकिस्तान के पास सब बेकार माल है।” एक यूजर ने मजाक उड़ाते हुए लिखा, “ऐसी मिसाइलों में तो भारत वाले दूध बेचने निकल जाएं। चीन ने पाकिस्तान को मिसाइल की जगह दूध के ड्रम दे दिए होंगे।”
पाकिस्तान की है कमजौर सैन्य तैयारी
वहीं, एक और यूजर ने कहा कि यह पूरी घटना भारत की ताकत और पाकिस्तान की कमजोर सैन्य तैयारी को दिखाती है। जहां एक तरफ भारत की सुरक्षा प्रणाली पूरी तरह मजबूत है, वहीं पाकिस्तान की मिसाइलें बार-बार फेल हो रही हैं। गांव वालों का निडर और सहज रवैया भी इस बात का सबूत है कि भारत अब इन खतरों से डरता नहीं।