दादा ने दादी को प्यार से लगाया नेल पेंट
- फोटो : इंस्टाग्राम @iamrohantamhane
अक्सर कहा जाता है कि वक्त के साथ रिश्तों की मिठास कम हो जाती है, लेकिन सच्चा प्यार उम्र के साथ और भी निखरता है। जैसे पुरानी वाइन समय के साथ और उम्दा हो जाती है, वैसे ही गहरा प्यार भी सालों बाद और मजबूत हो जाता है। शुरुआती डेट की कॉफी से लेकर बुढ़ापे में दवाइयों का ख्याल रखने तक का सफर, प्यार की यही असल खूबसूरती है। तो आज की इस खबर में हम भी आपको एक ऐसे ही एक वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं, जिससे आपको भी प्यार हो जाएगा क्योंकि इस वीडियो को लोगों ने क्यूट वीडियो का टैग दिया है। वीडियो एक दादा और दादी की है और दोनों आज की जेन जी जेनरेशन को एक खास संदेश देते दिखाई देते हैं। तो आइए विस्तार से जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इंटरनेट पर हाल ही में वायरल हुआ एक वीडियो इस बात का बेहतरीन उदाहरण बन गया है। इसमें एक बुजुर्ग जोड़ा ट्रेन में सफर करता नजर आता है, जहां पति अपनी पत्नी के नाखूनों पर बड़े प्यार से नेल पॉलिश लगाता है। यह पल इस बात को साबित करता है कि प्यार जताने की न कोई उम्र होती है, न कोई खास जगह। वीडियो में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग शख्स बेहद धैर्य के साथ अपनी पत्नी के नाखूनों पर लाल रंग की नेल पॉलिश लगा रहा है। उसकी पत्नी हंसते हुए उसे निर्देश दे रही है कि कैसे लगाना है और वह हर बात ध्यान से सुनकर बहुत सलीके से एक-एक नाखून रंगता है।
यूजर्स ने दी बेहद ही मजेदार प्रतिक्रियाएं
अब तक इस वीडियो को 1.3 करोड़ से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है और 9 लाख से अधिक लोगों ने इसे पसंद किया है। यह छोटा-सा दृश्य सोशल मीडिया पर लोगों के दिलों में बड़ी जगह बना चुका है। वीडियो पर कई यूजर्स ने प्यारी-प्यारी प्रतिक्रियाएं दी हैं। किसी ने लिखा, "दादा जी ने तो सभी महिलाओं का दिल जीत लिया," तो कोई बोला, "यह वफादारी की आखिरी मिसाल है।" एक यूजर ने कमेंट किया, "ऐसा प्यार मिलना आज के समय में दुर्लभ है।"
लोगों ने कही यह बात
सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि यह वीडियो हमें सिखाता है कि सच्चा प्यार समय के साथ कभी कम नहीं होता, बल्कि उसमें और भी ज्यादा अपनापन, सम्मान और मिठास जुड़ जाती है। यही वो भावनाएं हैं जो इस वीडियो को इतना खास बनाती हैं।