सोशल मीडिया पर आए दिन चोरी के ऐसे वीडियोज वायरल होते रहते हैं, जिसे देखकर हम काफी हैरान हो जाते हैं कि आज-कल चोरी करने की कितनी नई टेक्निक्स आ गई हैं। कभी कोई चोर नई टेक्निक से बाइक का लॉक तोड़ देता है तो कभी कोई चोर गाड़ी का लॉक तोड़कर दिखा देता है। यह सब भले ही अतरंगी लगते हैं और देखने में भी काफी मजा आता है, लेकिन इसके साथ ही ऐसे वीडियोज हमें काफी ज्यादा जागरूक भी करते हैं। आज की खबर में हम एक ऐसी ही घटना के बारे में बताने जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
ताले तोड़ने के जितने तरीके आपने अब तक सुने या देखे होंगे, जैसे हथौड़े से वार करना, गैस कटर चलाना या फिर इलेक्ट्रॉनिक जैमर का इस्तेमाल करना उनमें से कोई भी तरीका इस नए खुलासे जितना हैरान करने वाला नहीं है। एक वायरल वीडियो ने ऐसा तरीका दिखाया है, जो न सिर्फ डर पैदा करता है, बल्कि सोचने पर मजबूर करता है कि क्या अब कोई ताला सुरक्षित बचा है?
ताला तोड़ने की मिली नई तकनीक
बीते समय में जब चोर ताले तोड़ते थे, तो शोर मचता था। आवाज से आस-पड़ोस के लोग सतर्क हो जाते थे, जिससे चोरी का जोखिम बढ़ जाता था। लोग इसीलिए मजबूत, भारी और महंगे ताले खरीदते थे, ताकि सुरक्षा पुख्ता रहे। लेकिन अब जिस तकनीक का खुलासा हुआ है, उसमें न कोई शोर है, न मशक्कत और ताला महज 30 सेकंड में खुल जाता है। यह सुनते ही दिमाग ठप पड़ गया न तो आइए जानते हैं कैसे?
चोर ने दिखाई नई टेक्निक
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक युवक खुद ये तरीका डेमो करके दिखाता है। वह एक सिरिंज में पेट्रोल भरता है, ताले में कुछ बूंदें डालता है और फिर माचिस से उसे जलाता है। कुछ ही पलों में आग बुझ जाती है और ताला एक हल्के से धक्के में खुल जाता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें किसी भी औजार या टूल की जरूरत नहीं पड़ती, सिर्फ सीरिंज, पेट्रोल और माचिस से काम हो जाता है।
अब तक इतने लोग देख चुके हैं वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट @explore_vadodara_0506 पर पोस्ट किया गया था। इसे अब तक तीन लाख 34 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। कई यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रिया दी है, कुछ ने इसे खतरनाक बताया, जबकि कुछ ने सवाल उठाया, “भाई, ये तरीका चोरों को सिखा रहे हो या लोगों को सतर्क कर रहे हो?”
यूजर्स दे रहे हैं ये मजेदार प्रतिक्रिया
वीडियो में ये दावा भी किया गया है कि ताले के अंदर एक पतली प्लास्टिक की परत होती है, जो गर्मी से पिघल जाती है। यही कारण है कि लॉकिंग सिस्टम फेल हो जाता है और ताला बड़ी आसानी से खुल जाता है। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। किसी ने कहा, “अब तो चोरों के लिए ये वीडियो ट्रेनिंग जैसा हो गया है।” तो किसी ने चिंता जताते हुए लिखा, “अगर ये तरीका फैल गया, तो कोई भी ताला सुरक्षित नहीं रहेगा।”