मुंबई मेट्रो की येलो लाइन पर हाल ही में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। यह हादसा उस समय हुआ, जब मेट्रो स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के दरवाजे बंद होने ही वाले थे और अचानक एक दो साल का बच्चा अपने माता-पिता से अलग होकर कोच से निकलकर प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया। इस दौरान उसके माता-पिता ट्रेन के अंदर ही रह गए। यह पूरा वाकया सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया और इसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने लगा। इस वीडियो को देखकर हर कोई मेट्रो कर्मचारियों की तेजी और समझदारी की तारीफ कर रहा है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी और जैसे ही दरवाजे बंद होने लगे बच्चा तेजी से कोच से बाहर आ गया। उसके बाहर आते ही प्लेटफॉर्म पर तैनात मेट्रो स्टाफ ने हालात की गंभीरता को तुरंत समझा और बिना वक्त गंवाए ट्रेन ऑपरेटर को अलर्ट किया। ऑपरेटर ने भी तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए ट्रेन को रोक दिया। वीडियो में मेट्रो कर्मचारियों को बच्चे की ओर तेजी से दौड़ते हुए देखा जा सकता है। कुछ ही सेकंड में ट्रेन के दरवाजे दोबारा खोले गए और बच्चे के घबराए हुए माता-पिता ने उसे खींचकर वापस कोच के अंदर ले लिया, जिससे बच्चा सुरक्षित हो गया।
बच्चे की जान बच गई सुरक्षित
इस घटना का वीडियो महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (@MMMOCL_Official) ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को 46 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका था और हजारों लोगों ने इसे लाइक और शेयर किया। अगर मेट्रो स्टाफ ने समय पर कदम नहीं उठाया होता तो यह मामूली सी लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। लेकिन मेट्रो कर्मचारियों की मुस्तैदी और सूझबूझ की वजह से बच्चे की जान सुरक्षित बच गई।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
सोशल मीडिया पर इस वीडियो पर लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई यूजर्स ने मेट्रो स्टाफ के तेज रिएक्शन की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी वजह से ही यह बच्चा सुरक्षित रह पाया। एक यूजर ने लिखा, “स्टाफ ने सही समय पर कदम उठाकर मासूम की जिंदगी बचा ली, इसके लिए उन्हें सलाम।” वहीं, कई लोगों ने बच्चे के माता-पिता की लापरवाही की भी आलोचना की। एक यूजर ने कमेंट किया की कि अक्सर माता-पिता बच्चों पर ध्यान नहीं देते और जब कुछ गलत होता है तो दूसरों पर आरोप लगाने लगते हैं। ऐसे में यह घटना हर माता-पिता के लिए सबक है कि सार्वजनिक स्थानों और खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में बच्चों का ध्यान रखना कितना जरूरी है।