ऑफिस में काम करने वाले लोगों की सुबह अक्सर ईमेल चेक करने से शुरू होती है। किसी को जरूरी मेल भेजना होता है तो किसी को मीटिंग में शामिल होना होता है। ऐसे में आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट टीम्स जैसी सर्विसेज कर्मचारियों के रोजमर्रा के काम का अहम हिस्सा बन चुकी हैं। लेकिन जरा सोचिए, अगर अचानक ये सभी सर्विसेज काम करना बंद कर दें तो क्या होगा? जाहिर है, कई लोगों के जरूरी काम अटक जाएंगे। हालांकि, कुछ कर्मचारियों के लिए यह परेशानी नहीं, बल्कि काम से थोड़ी राहत मिलने जैसा होगा।
ऐसा ही कुछ इन दिनों देखने को मिल रहा है। माइक्रोसॉफ्ट की कई सर्विसेज में तकनीकी दिक्कत शुरू हुई। इस ग्लोबल आउटेज की वजह से आउटलुक, टीम्स और माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सुविधाएं प्रभावित हुईं। दुनियाभर के यूजर्स को ईमेल खोलने, भेजने और दूसरी सुविधाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हुई। इस बीच सोशल मीडिया पर लोगों ने ऐसे मजेदार मीम्स शेयर किए कि तकनीकी खराबी के साथ-साथ कर्मचारियों की प्रतिक्रियाएं भी चर्चा में आ गईं।
आउटलुक डाउन होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
माइक्रोसॉफ्ट की सर्विसेज में आई इस दिक्कत को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई मजेदार पोस्ट देखने को मिल रही हैं। कोई ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों की परेशानी दिखा रहा है तो कोई इस आउटेज को अचानक मिली छुट्टी बता रहा है। एक यूजर ने कार्टून तस्वीर शेयर की, जिसमें कंप्यूटर स्क्रीन पर आउटलुक इज डाउन लिखा दिखाई देता है। वहीं, स्क्रीन के सामने बैठा कर्मचारी परेशान है और पीछे खड़ा दूसरा शख्स हाथ फैलाकर हैरानी जताता नजर आता है। पोस्ट के कैप्शन में माइक्रोसॉफ्ट के लोगो को भी इस परेशानी में पसीना-पसीना बताया गया है।
'आउटलुक मेंटेनेंस ब्रेक' बना नया वेलनेस प्रोग्राम
एक यूजर ने तो इस तकनीकी खराबी को कर्मचारियों के लिए नया वेलनेस प्रोग्राम ही बता दिया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी एक तस्वीर शेयर की, जिसका नाम आउटलुक मेंटेनेंस ब्रेक रखा गया। इसमें कर्मचारी को आराम से बैठकर कॉफी पीते, सोते, रील्स देखते और लंच करते दिखाया गया है। तस्वीर में लिखा है कि अब ईमेल का जवाब देने की जरूरत नहीं है। साथ ही एक मजेदार नोट भी है, जिसमें कहा गया है कि आखिरकार ईमेल का जवाब न देने की एक सही वजह मिल गई।
'अभी मजा आएगा ना भिड़ू' मीम ने भी खींचा ध्यान
सोशल मीडिया पर एक और मीम लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इसमें फिल्म गोलमाल का मशहूर डायलॉग 'अभी मजा आएगा ना भिड़ू' वाला मीम इस्तेमाल किया गया है। इसे माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक डाउन होने के बाद कर्मचारियों की खुशी से जोड़कर दिखाया गया है। वहीं, एक और मीम में आउटलुक डाउन होने पर ऑफिस में कर्मचारियों को डांस करते दिखाया गया है। इसके साथ लिखा है कि दो मिनट का मौन उन लोगों के लिए, जो आज ऑफिस नहीं आए। यानी घर बैठे कर्मचारियों ने काम से मिली इस अनचाही राहत का मौका गंवा दिया।