सोशल मीडिया पर आपने कई ऐसे जीवों की तस्वीरें देखी होंगी, जिनका चेहरा देखकर लगता है जैसे वे दुनिया से खासे नाराज हों। इन्हीं में एक गोल-मटोल मेंढक भी है, जिसकी तस्वीरें अक्सर मीम्स में नजर आती हैं। उसका चेहरा इतना गुस्सैल दिखता है कि इंटरनेट पर उसे दुनिया का सबसे चिड़चिड़ा जीव तक कहा जाने लगा है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
इस तरह के जीव को जानते हैं आप?
लेकिन हकीकत कुछ और है। यह मेंढक असल में नाराज या उदास नहीं रहता। उसके चेहरे की बनावट ही ऐसी है कि वह हमेशा थोड़ा गुस्से में नजर आता है। विज्ञान की दुनिया में इसे ब्रेविसेप्स प्रजाति का रेन फ्रॉग कहा जाता है। इस मेंढक की छोटी सी नाक, नीचे की तरफ मुड़ा हुआ मुंह और गोल शरीर मिलकर उसे ऐसा लुक देते हैं, जैसे अभी किसी पर भड़क जाएगा। यही वजह है कि इंटरनेट पर उसकी तस्वीरें लोगों को खूब आकर्षित करती हैं।
मिट्टी खोदने में होते हैं माहिर
अब बात करते हैं इसकी जिंदगी की। यह आमतौर पर जमीन के ऊपर घूमता नहीं रहता, बल्कि अपना ज्यादातर समय मिट्टी के अंदर गहरे गड्ढों में छिपकर बिताता है। तेज बारिश होने पर ही यह बाहर निकलता है। बारिश के दौरान इसका बाहर आना खाने की तलाश और अपना कुनबा बढ़ाने से जुड़ा होता है। इसकी एक और खासियत इसे दूसरे आम मेंढकों से अलग बनाती है। छोटे और मजबूत पैर होने के कारण यह लंबी छलांग लगाने में बहुत माहिर नहीं होता। इसके पैर मिट्टी खोदने के ज्यादा काम आते हैं।
फुटबॉल जैसे लगता है
खतरा महसूस होने पर इसका अंदाज और भी दिलचस्प हो जाता है। शिकारी से बचने के लिए यह अपने शरीर में हवा भरकर खुद को इतना फुला लेता है कि देखने में फुटबॉल जैसा लगने लगता है। इस तरह शिकारी के लिए इसे आसानी से निगल पाना मुश्किल हो जाता है। मोजाम्बिक रेन फ्रॉग की जिंदगी में एक और ऐसी बात है, जो इसे खास बनाती है। आम मेंढकों के बच्चों की तरह इसे टैडपोल बनने के लिए पानी में जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इसके अंडे के अंदर ही बच्चे का पूरा विकास हो जाता है।
प्राकृतिक बनावट की वजह से लगता है ऐसा
जब छोटा मेंढक अंडे से बाहर आता है तो वह सीधे छोटे मेंढक के रूप में निकलता है। उसे टैडपोल वाले दौर से गुजरना नहीं पड़ता। तो अगली बार इंटरनेट पर इस गोल-मटोल, गुस्सैल चेहरे वाले मेंढक की तस्वीर दिखे तो उसे नाराज समझने की गलती मत कीजिएगा। बेचारा तो बस अपनी प्राकृतिक बनावट की वजह से ऐसा दिखता है।