आजकल ज्वेलरी शॉप में चोरी की खबरें आम हो गई हैं। चोर अब इतने चालाक हो गए हैं कि सीसीटीवी कैमरे की परवाह तक नहीं करते। लेकिन इस बार अहमदाबाद के एक दुकानदार ने जो किया, उसने पूरे सोशल मीडिया पर उसकी तारीफों के पुल बंधवा दिए। दरअसल इस शख्स ने चोरी की कोशिश करने आई एक महिला को ऐसी सजा दी कि अब शायद कोई चोर उसकी दुकान में कदम रखने से पहले 10 बार सोचेगा। तो आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मामला अहमदाबाद के रानीप इलाके का है, जहां एक महिला ग्राहक बनकर एक ज्वेलरी की दुकान में पहुंची। शुरुआत में सब कुछ नॉर्मल लग रहा था। वह बड़े आराम से दुकानदार से बातें कर रही थी। आभूषण देख रही थी और मौका तलाश रही थी। लेकिन जैसे ही उसने दुकानदार पर लाल मिर्च पाउडर फेंकने की कोशिश की, कहानी पलट गई। दुकानदार ने न सिर्फ अपनी आंखें बचाईं बल्कि उसी वक्त महिला की मंशा भांप ली और फिर उस पर टूट पड़ा।
ज्वेलरी की दुकान में लूटने पहुंची महिला
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला मिर्ची फेंकते ही भागने की कोशिश करती है, लेकिन दुकानदार बेहद तेजी से रिएक्ट करता है। वह तुरंत उसके ऊपर झपटता है और उसे काबू में कर लेता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने उस महिला को एक-दो नहीं बल्कि पूरे 18 थप्पड़ जड़ दिए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर लोग कह रहे हैं कि दुकानदार ने जो किया, वो बिल्कुल सही था।
दुकानदार ने भी जड़ दिए थप्पड़
यह वीडियो X पर @ShoneeKapoor नाम के यूजर ने शेयर किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, *“गुजरात के अहमदाबाद में एक महिला ग्राहक बनकर ज्वेलरी की दुकान में घुसी। कई ज्वेलरी देखने के बाद उसने दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर डालने की कोशिश की ताकि उसका ध्यान बंट जाए और वो भाग सके। लेकिन दुकानदार ने उसकी चाल पहचान ली और उसे धर दबोचा। उसने उसे नीचे गिराया और 18 थप्पड़ जड़ दिए ताकि समझ आ जाए कि अपराध का कोई जेंडर नहीं होता।”*
लोगों ने की दुकानदार की तारीफ
इस वीडियो को अब तक 70 हजार से ज्यादा व्यूज, 700 से ज्यादा लाइक्स और 50 से अधिक कमेंट्स मिल चुके हैं। लोग दुकानदार की सूझबूझ और हिम्मत की खूब तारीफ कर रहे हैं। कमेंट सेक्शन में यूजर्स के रिएक्शन भी काफी मजेदार हैं। एक यूजर ने लिखा, “जो किया, बिल्कुल सही किया। वो इसी लायक थी।” दूसरे ने लिखा, “भाई के थप्पड़ मारने की स्किल तो लेजेंड लेवल की है।” तीसरे ने कहा, “क्राइम क्राइम होता है, चाहे वो किसी भी जेंडर का क्यों न करे।”