Money Counting Smart Trick Viral Video: नोटों की गड्डी में से पैसे गिनना कोई आसान काम नहीं होता है। कई बार नोट गिनते समय आपस में चिपक जाते हैं या जल्दी गिनने के चक्कर में गिनती गलत भी हो सकती है। यही वजह है कि लोग ज्यादा पैसे गिनते समय मशीन या फिर अलग-अलग देसी जुगाड़ और ट्रिक्स का सहारा लेते हैं ताकि सही गिनती हो सके। सोशल मीडिया पर आसानी से नोट गिनने के देसी जुगाड़ का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति ने नोटों की गड्डी गिनने का ऐसा आसान और अनोखा तरीका दिखाया है, जिसे देखने के बाद लोगों की मजेदार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वीडियो में आप देख सकते हैं कि, एक व्यक्ति 500 रुपये के नोटों की गड्डी को अपने हाथों में पकड़ उसमें से एक नोट निकालकर उसे बाकी नोटों के ऊपर एक खास तरीके से मोड़ देता है। इसके बाद वह अपने अंगूठे और उंगलियों की मदद से बाकी नोटों को धीरे-धीरे आगे की तरफ सरकाता है और उन्हें अंदर की ओर व्यवस्थित कर देता है। कुछ ही सेकंड में पूरी गड्डी उस एक मुड़े हुए नोट के सहारे बंधी हुई नजर आने लगती है, जिसके बाद व्यक्ति अपनी ट्रिक दिखाते हुए नोटों को एक-एक करके आसानी से निकालता और गिनता है।
आसानी से गड्डी में से नोट गिनने के इस वीडियो को एक्स पर शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में लिखा है, पैसा गिनने की ये ट्रिक्स आपके बहुत काम आ सकती है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसपर लोगों ने मिलजुली प्रतिक्रियाएं दी हैं। ऐसे में एक शख्स ने लिखा- इतना रायता फैलाने की क्या जरूरत है? तो वहीं एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा- भाई इतने पैसे भी तो होने चाहिए कि गिनूं।