महाराष्ट्र में दुकानदारों से मराठी में बात करने को लेकर समय-समय पर विवाद खड़े होते रहे हैं। अब इसी विषय से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आया है, जिसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया गया है। वीडियो पुणे का बताया जा रहा है, लेकिन यह घटना कब की है, इसका अभी तक कोई पक्का प्रमाण नहीं है। वीडियो में एक व्यक्ति को सड़क किनारे सब्जी बेच रहे युवक और महिला से मराठी में बातचीत करने की बात कहते हुए देखा जा सकता है। महिला जवाब देती है कि वह मारवाड़ी है और मराठी भाषा से अनजान है, इसलिए वह यह भाषा नहीं बोल सकती। इसके बाद बहस शुरू हो जाती है और मामला बढ़ जाता है। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
क्लिप में साफ नजर आता है कि सब्जी की दुकान पर मौजूद महिला और युवक से व्यक्ति कहता है, "मराठी बोलो।" महिला शांति से जवाब देती है, "हमें मराठी आती ही नहीं है। हम मारवाड़ी हैं, तो कैसे बोलें?" इसके बाद एक लड़का बीच में दखलअंदाजी करते हुए पूछता है, "मैंने कुछ गलत कहा क्या?" इसी के साथ बातचीत तीखी बहस में बदल जाती है। दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए एक और व्यक्ति बीच में आता है, लेकिन वह प्रयास भी सफल नहीं होता। वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति बार-बार मराठी भाषा में बात करने की जरूरत पर जोर देता है।
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
यह वीडियो 7 जून को X यूजर @gharkekalesh द्वारा पोस्ट किया गया था। कैप्शन में लिखा था, "ग्राहक और दुकानदार के बीच मराठी भाषा को लेकर कलेश।" यह वीडियो 3.6 हजार लाइक्स और 3 लाख 53 हजार से अधिक व्यूज बटोर चुका है। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, "अगर आप बिजनेस टू कस्टमर सेक्टर में काम कर रहे हैं तो आपको लोकल भाषा सीखनी चाहिए।" वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया, "बिहार में कोई भी भाषा बोल लो, किसी को कोई दिक्कत नहीं होती, सबसे बढ़िया राज्य है।" एक और यूजर का कहना था, "अगर वह महिला मारवाड़ी हैं, तो उनके साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।"
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
ऐसी घटनाएं पहले भी महाराष्ट्र में देखी जा चुकी हैं। कुछ समय पहले वायरल हुए एक अन्य वीडियो में एक ग्राहक दुकान पर खड़े कर्मचारी से मराठी में बातचीत की मांग करता नजर आया था। जब कर्मचारी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश का है, तो ग्राहक ने गुस्से में आकर कहा, “मराठी सीखो, वरना दुकान बंद कर दो।” इतना ही नहीं, उसने धमकी देते हुए कहा, “अगर कल से मराठी नहीं बोली तो दुकान बंद करवा दूंगा।”