बीजिंग, चीन में आयोजित एक मुफ्त प्रदर्शनी के दौरान एक ऐसा हादसा सामने आया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। इस प्रदर्शनी में एक बेहद खास शादी का क्राउन रखा गया था, जिसे पूरी तरह हाथ से तैयार किया गया था। यह क्राउन करीब दो किलो शुद्ध सोने से बना हुआ था और अपनी अनोखी डिजाइन की वजह से लोगों को काफी आकर्षित कर रहा था। हालांकि, एक छोटी सी चूक के कारण यह कीमती क्राउन टूट गया। तो आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना उस समय हुई जब प्रदर्शनी देखने आया एक छोटा बच्चा गलती से उस कांच के डिस्प्ले बॉक्स के पास पहुंच गया, जिसमें क्राउन रखा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा बार-बार बॉक्स के पास झुक रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और कांच का बॉक्स आगे की ओर हिल गया। इसी दौरान अंदर रखा भारी सोने का क्राउन नीचे गिर पड़ा और उसे नुकसान पहुंच गया। वजन ज्यादा होने के कारण गिरते ही क्राउन का आकार बिगड़ गया।
सोने का क्राउन धड़ाम से गिरा
इस पूरे हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने बच्चे की निगरानी को लेकर सवाल उठाए तो कुछ ने प्रदर्शनी में सुरक्षा इंतजामों पर बहस शुरू कर दी। कई यूजर्स का कहना था कि इतनी कीमती चीज को खुले और कमजोर कांच के बॉक्स में रखना जोखिम भरा था।
चीनी ब्लॉगर के पति की थी खास आर्ट
इस वीडियो को चीनी ब्लॉगर झांग काइयी ने शेयर किया था। उन्होंने यह प्रदर्शनी अपने पति के साथ मिलकर आयोजित की थी। खास बात यह है कि यह गोल्ड क्राउन खुद झांग के पति ने डिजाइन किया था। उनके अनुसार, यह सिर्फ एक गहना नहीं था, बल्कि उनकी मेहनत और भावनाओं से जुड़ा हुआ एक खास आर्ट पीस था। इसे बनाने में काफी समय और बारीकी लगी थी।
बिक्री के नहीं था क्राउन
झांग काइयी ने साफ कहा कि यह क्राउन बिक्री के लिए नहीं रखा गया था। इसकी कीमत का सही अंदाजा लगाना भी आसान नहीं है, क्योंकि यह किसी आम ज्वेलरी की तरह नहीं था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो शेयर करने का मकसद बच्चे या उसके परिवार को दोषी ठहराना नहीं था। वह सिर्फ यह समझना चाहती थीं कि इस तरह के नुकसान का आकलन कैसे किया जाता है और मरम्मत की प्रक्रिया क्या होगी।