सीसीटीवी स्क्रीन पर नजर पड़ी तो मालकिन भी रह गईं हैरान
- फोटो : इंस्टाग्राम @ theperfect__potatoes
इंटरनेट पर कब कौन सा पल लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला दे, इसका कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। कभी कोई शख्स कैमरे के सामने अजीबोगरीब हरकत कर बैठता है तो कभी बिना किसी तैयारी के हुआ कोई मजेदार पल सोशल मीडिया पर छा जाता है। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। वीडियो में घर में काम करने पहुंची एक महिला सफाई छोड़कर सीढ़ियों के पास बॉलीवुड गाने पर जमकर डांस करती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि महिला को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसकी यह पूरी डांस परफॉर्मेंस सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है।
झाड़ू-पोछा किनारे रखा और शुरू हो गई डांस पार्टी
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में घर के अंदर का एक हिस्सा दिखाई देता है। सीढ़ियों के पास सफाई का सामान, जिसमें बाल्टी और पोछा भी रखा नजर आता है। लेकिन उस वक्त महिला का ध्यान काम पर कम और डांस पर ज्यादा था। वह झाड़ू-पोछा एक तरफ रखकर अपनी ही धुन में मस्ती करती दिखाई देती है।बॉलीवुड गाने की धुन बजते ही महिला पूरे जोश के साथ डांस मूव्स करने लगती है। उसके चेहरे और अंदाज से साफ नजर आता है कि उसे आसपास किसी के होने की चिंता नहीं है। उसे यह भी मालूम नहीं कि दीवार पर लगा सीसीटीवी कैमरा उसकी इस पूरी मस्ती को चुपचाप रिकॉर्ड कर रहा है।
सीसीटीवी स्क्रीन पर नजर पड़ी तो मालकिन भी रह गईं हैरान
इस कहानी का मजेदार हिस्सा तब सामने आता है, जब घर की मालकिन टीवी स्क्रीन पर सीसीटीवी की लाइव फुटेज देखती हैं। स्क्रीन पर उनकी नजर जैसे ही सीढ़ियों के पास डांस कर रही महिला पर पड़ती है, वह पूरा नजारा देखकर हंसने लगती हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में मालकिन मजाकिया अंदाज में कहती हैं, 'जब काम बताओ तो इनके शरीर में दर्द होने लगता है, लेकिन जरा इनकी एनर्जी तो देखो।' महिला की बेफिक्र डांस परफॉर्मेंस अब सोशल मीडिया यूजर्स के लिए मनोरंजन का कारण बनी हुई है।
1 लाख 29 हजार से ज्यादा लाइक्स
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। अब तक वीडियो को 1 लाख 29 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है, 'और मजे की बात तो ये है कि इन्होंने इंस्टा अकाउंट भी मुझ से ही क्रिएट कराया था।' वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स भी कम मजेदार प्रतिक्रिया नहीं दे रहे। कोई महिला को 'कामवाली नहीं बल्कि कंटेंट वाली' बता रहा है तो किसी का कहना है कि टैलेंट किसी भी उम्र या पेशे का मोहताज नहीं होता। यही वजह है कि यह छोटा सा सीसीटीवी वीडियो लोगों को इतना पसंद आ रहा है और कई यूजर्स इसे बार-बार देखने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं।