जैसे ही शादी के सीजन आते हैं, सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियोज की बाढ़ सी आ जाती है। यही नहीं, सोशल मीडिया पर अक्सर कुछ अजीब और मजेदार शादी के कार्ड वायरल होते हैं, जिनमें कभी अजीब नाम होते हैं तो कभी शादी की जानकारियां इतनी अजीब होती हैं कि लोग हैरान रह जाते हैं। हाल ही में एक ऐसा शादी का कार्ड वायरल हुआ है, जिसने अपने अजीब नामों और मजेदार विवरणों से इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। आइए जानते हैं कि कार्ड में क्या लिखा गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शादी का कार्ड
इस शादी के कार्ड में दूल्हे का नाम लोटा नाथ और दुल्हन का नाम लोटकी देवी है। नाम सुनकर यह साफ पता चलता है कि यह कार्ड किसी मजाक के रूप में तैयार किया गया है। लेकिन इससे भी मजेदार बात यह है कि दूल्हे और दुल्हन के माता-पिता के नाम भी बेहद अनोखे हैं। दूल्हे के माता-पिता का नाम लोटा जी और टंकी देवी है, जबकि दुल्हन के माता-पिता के नाम हैं मग देवी और बाल्टी नाथ। ये नाम इस कार्ड को और भी कॉमेडी बनाते हैं। इस कार्ड में शादी की तारीख 25 अप्रैल, 2025 बताई गई है, लेकिन शादी का स्थान कहीं नहीं बताया गया है, जिससे यह और भी सीक्रेट लगता है।
लोगों ने इसे दोस्तों के साथ किया शेयर
यह मजेदार शादी का कार्ड हाल ही में इंस्टाग्राम अकाउंट @amritayd383 पर एक वीडियो के जरिए वायरल हुआ। वीडियो में एक महिला शादी का कार्ड खोलते हुए इन अजीब नामों का खुलासा करती है। कार्ड पर लिखा है कि यह कार्ड संतोष जी महाराज ने छपवाया है, जो नई दिल्ली के गोविंदपुर मेट्रो स्टेशन के पास रहते हैं। हालांकि, उनका पूरा पता इस कार्ड में नहीं दिया गया है, जो और भी रहस्यपूर्ण है।
यूजर्स ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
यह वीडियो अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और सोशल मीडिया पर लोग इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने इसे सबसे मजेदार शादी का कार्ड कहा, जबकि कुछ ने यह पूछा कि "क्या यह असली दूल्हा-दुल्हन हैं?" कई लोगों ने इसे देखकर मजाक करते हुए कहा, "भगवान सच में जोड़ियां बनाते हैं," और "क्या जोड़ी है।" इन अजीब नामों और मजेदार विवरणों ने लोगों को हंसी में डाल दिया।
सोशल मीडिया पर बना ट्रेंड
सोशल मीडिया पर लोगों का मानना है कि यह कार्ड न केवल अपनी अनोखे अंदाज के कारण वायरल हुआ है, बल्कि इसने सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच एक चर्चा भी शुरू कर दी है। लोग इसे देखकर हंसी मजाक कर रहे हैं और इसे लेकर तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। यह मजेदार शादी का कार्ड अनोखे अंदाज और नामों के कारण अब तक का एक पॉपुलर सोशल मीडिया ट्रेंड बन चुका है।