एक ही घाट पर साथ पानी पीते नजर आए तेंदुआ और ब्लैक पैंथर
- फोटो : @the_wildeye_captures
Leopard And Black Panther Viral Video: जंगल की दुनिया बहुत ही अनूठी है। हर दिन नए नजारों से ये आपको हैरान कर सकती है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही दुर्लभ नजारे का वीडियो सामने आया है, जिसने वन्यजीव प्रेमियों को रोमांचित कर दिया है। वीडियो में दो खूंखार शिकारी तेंदुआ और ब्लैक पैंथर एक साथ और एक ही घाट पर पानी पीते नजर आ रहे हैं।
कर्नाटक के जंगलों से एक ऐसा नजारा सामने आया है, जिसने वन्यजीव प्रेमियों के साथ-साथ इंटरनेट की जनता को भी हैरान कर दिया है। वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि, एक तेंदुआ पानी के बिल्कुल किनारे झुका हुआ स्थिर पानी की सतह से घूंट-घूंट पानी पीता नजर आ रहा है। कुछ देर बाद एक ब्लैक पैंथर वहां पहुंचता है, जिसके व्यवहार में न तो आक्रामकता है और न ही जल्दबाजी। वह तेंदुए के काफी करीब आकर बैठ जाता है और दोनों बड़े शिकारी एक साथ पानी पीने लगते हैं।
ब्लैक पैंथर और तेंदुए के इस वीडियो को वाइल्ड फोटोग्राफर सोहन सिंह ने अपने इंस्टाग्राम @the_wildeye_captures नाम के अकाउंट से पोस्ट किया गया है। जिसके कैप्शन में लिखा है, जब सितारे अलाइन में आते हैं, तब जादू होता है। उन्होंने इस मुलाकात को ऐसा पल बताया, जो भद्रा की विरासत का हिस्सा बनकर लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बता दें यह नजारा भद्रा बैकवॉटर्स के पास फिल्माया गया है।
वायरल वीडियो को अब तक 10.5 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इसे देखने के बाद यूजर्स की जमकर प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में एक यूजर ने इस दृश्य को सांसें थाम देने वाला नजारा बताया। दूसरे यूजर ने लिखा- जंगल की दुनिया रहस्यमयी और अनिश्चित होती है, जहां ऐसे क्षण कभी भी और अचानक सामने आ सकते हैं।