ऑनलाइन खाना ऑर्डर करना आजकल लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गया है। घर बैठे मोबाइल से कुछ ही मिनटों में पसंदीदा खाना मंगवाया जा सकता है। लेकिन कई बार छोटी-सी डिलीवरी भी परेशानी की वजह बन जाती है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां देर रात खाना ऑर्डर करने वाले 17 साल के किशोर को कथित तौर पर डिलीवरी पार्टनर की अजीब मांगों का सामना करना पड़ा। आरोप है कि डिलीवरी पार्टनर ने पहले उससे एक्स्ट्रा टिप मांगी और फिर पांच हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। किशोर ने रेडिट पर अपनी आपबीती साझा की है।
पहले मांगी 20 रुपये की एक्स्ट्रा टिप
किशोर के मुताबिक उसने रात करीब 2 बजे कंपनी के ऐप से खाना ऑर्डर किया था। डिलीवरी पार्टनर खाना पहुंचाने के बाद वहां से चला गया और लड़का भी खाना लेकर घर के अंदर आ गया। लेकिन कुछ देर बाद बाहर से आवाज आने लगी। डिलीवरी पार्टनर उसे आवाज देकर बाहर बुला रहा था। जब लड़का गेट पर पहुंचा तो डिलीवरी पार्टनर ने उससे टिप मांगी। किशोर ने बताया कि वह ऐप पर पहले ही टिप दे चुका है। इसके बावजूद उससे 20 रुपये और मांगे गए। रात काफी हो चुकी थी और वह अपने माता-पिता को जगाकर कोई परेशानी नहीं करना चाहता था। इसलिए उसने बिना बहस किए 20 रुपये भी दे दिए।
5 हजार रुपये सुनकर हैरान रह गया किशोर
लड़के को लगा कि अब डिलीवरी पार्टनर चला जाएगा और मामला खत्म हो जाएगा। लेकिन कुछ देर बाद फिर से बाहर शोर होने लगा। किशोर का आरोप है कि डिलीवरी पार्टनर ने दोबारा जोर-जोर से आवाज लगानी शुरू कर दी। इतना ही नहीं, वह घर का मेन गेट भी पीटने लगा। इसके बाद उसने जो मांग रखी, उसे सुनकर किशोर हैरान रह गया। आरोप है कि डिलीवरी पार्टनर ने उससे पांच हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। इसके बदले में उसे नकद पैसे देने की बात कही गई। किशोर को समझ नहीं आया कि खाना पहुंचाने के बाद उससे इस तरह पैसे क्यों मांगे जा रहे हैं।
रेडिट पर लोगों ने भी साझा किए अपने अनुभव
किशोर की यह पोस्ट सामने आने के बाद कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने अपने साथ हुए ऐसे ही अनुभव भी बताए। एक यूजर ने लिखा कि उसने आधी रात को करीब तीन हजार रुपये का माउस ऑर्डर किया था। डिलीवरी में देरी होने के बावजूद डिलीवरी पार्टनर उससे बार-बार टिप मांग रहा था। वहीं, कुछ लोगों ने किशोर को सलाह दी कि वह इस पूरी घटना के बारे में अपने माता-पिता को जरूर बताए। एक यूजर ने टिप कल्चर को बढ़ावा देने पर भी सवाल उठाए। फिलहाल, यह पूरा मामला किशोर की रेडिट पोस्ट में किए गए दावों पर आधारित है। इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, इस घटना के बाद ऑनलाइन खाना मंगाने वाले ग्राहकों की सुरक्षा और डिलीवरी के दौरान होने वाले व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।