भारतीय सुनते ही पिघल गया अफगानी गार्ड का दिल
- फोटो : इंस्टाग्राम @voyentra1
भारत और अफगानिस्तान के लोगों के बीच अपनापन कई बार सोशल मीडिया पर देखने को मिलता है। इन दिनों एक भारतीय बाइक सवार का वीडियो चर्चा में है, जिसमें अफगानिस्तान की एक चेक पोस्ट पर तैनात सुरक्षाकर्मी का व्यवहार लोगों का दिल जीत रहा है। शुरुआत में गार्ड बाइक सवार से सख्ती से पासपोर्ट और कागजात मांगता है, लेकिन जैसे ही उसे पता चलता है कि वह भारत से आया है, उसका अंदाज बदल जाता है। इसके बाद जो होता है, उसे देखकर लोग दोनों देशों के लोगों के बीच इस अपनापन की तारीफ कर रहे हैं। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
भारतीय होने की बात सुनते ही बदल गया गार्ड का अंदाज
वायरल वीडियो में भारतीय बाइक सवार अफगानिस्तान की एक चेक पोस्ट से गुजरता दिखाई देता है। इस दौरान वहां मौजूद गार्ड उसे रोकता है और पासपोर्ट व जरूरी कागजात दिखाने के लिए कहता है। वह बाइक सवार से यह भी पूछता है कि वह कहां जा रहा है और किस देश से आया है। जैसे ही बाइक सवार बताता है कि वह भारत से है और काबुल जा रहा है, गार्ड का व्यवहार बदल जाता है। वह उसका स्वागत करता है और आगे जाने का रास्ता खोल देता है। साथ ही, उसे बताता है कि काबुल यहां से करीब तीन से चार घंटे की दूरी पर है।
चाय के लिए भी पूछा, लेकिन बाइक सवार ने कर दिया मना
वीडियो का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब आता है, जब गार्ड भारतीय बाइक सवार से चाय पीने के लिए भी पूछता है। वह उसे रोककर परेशान करने के बजाय मेहमान की तरह अपनापन दिखाता है। हालांकि, समय कम होने की वजह से बाइक सवार चाय पीने से मना कर देता है और आगे के सफर पर निकल जाता है। वीडियो में दिखाई देने वाला यह छोटा-सा पल लोगों को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स इसे भारत और अफगानिस्तान के लोगों के बीच अच्छे रिश्तों और आपसी सम्मान की मिसाल बता रहे हैं।
लाखों लोगों ने देखा वीडियो, क्रिकेट टीम का भी जिक्र
यह वीडियो गौरव शर्मा नाम के व्लॉगर के पेज से लिया गया है और इंस्टाग्राम पर साझा किया है। पोस्ट को एक दिन में 21 लाख से ज्यादा व्यूज और करीब दो लाख लाइक्स मिलने की बात सामने आई है। कमेंट सेक्शन में भी लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ यूजर्स इस अपनापन का श्रेय दोनों देशों के बीच अच्छे संबंधों को दे रहे हैं, तो कुछ भारतीय और अफगानी क्रिकेट खिलाड़ियों के बीच मैदान पर दिखने वाले दोस्ताना व्यवहार का जिक्र कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि वह भारत से है और अपने सभी अफगान भाई-बहनों का दिल से शुक्रिया अदा करता है।
लोगों के बीच चर्चा का विषय बना वीडियो
फिलहाल, यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। चेक पोस्ट पर हुई यह छोटी-सी मुलाकात दिखाती है कि सफर के दौरान मिलने वाला सम्मान और अपनापन किसी के लिए भी यादगार बन सकता है।