टीचर ने छात्रों से साफ करवाई अपनी स्कूटी
- फोटो : एक्स@Ershaktilochan
सोशल मीडिया पर कई बार बच्चों के ऐसे वीडियोज वायरल होने लगते हैं, जिसे देख हमें सच में काफी हैरानी होती है कि आखिर कोई बच्चों के भविष्य के साथ ऐसा कैसे कर सकता है। बच्चों के भविष्य को बनाने की पूरी जिम्मेदारी माता पिता के बाद स्कूल और शिक्षकों को ही सौंपी जाती है, लेकिन जरा सोचिए कि इतनी उम्मीदों से अपने बच्चों को स्कूल भेजने के बाद, जब शिक्षक इस भरोसे को तोड़ता है, तो यह न केवल एक बच्चे के लिए, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र के लिए चिंता का विषय बन जाता है। आज की इस खबर में हम एक ऐसे ही वायरल वीडियो के बारे में बात करने जा रहे हैं, जिसे देख आप हैरानी से अपना माथा पकड़ लेंगे कि आखिर अब भी शिक्षक उतने गैर जिम्मेदार हैं कि बच्चों के भविष्य को कुछ नहीं समझते हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो
हाल ही में, बिहार के भागलपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक स्कूल टीचर ने क्लास के दौरान दो छात्रों से अपनी स्कूटी पर लगे कीचड़ को साफ करवाया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खबरों की मानें तो यह मामला भागलपुर के मुकरिया मिडिल स्कूल का है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जब स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, उसी दौरान महिला टीचर अपनी स्कूटी को साफ करवाने में लगी थीं और दो छोटे बच्चे यह काम कर रहे थे।
शिक्षक के व्यवहार की हुई कड़ी आलोचना
सोशल मीडिया इस घटना के और वीडियो के सामने आते ही लोगों में जबरदस्त नाराजगी देखी जा रही है। माता-पिता और आम जनता ने शिक्षक के इस व्यवहार की कड़ी आलोचना की है। उनका कहना है कि बच्चों को शिक्षा देने के बजाय उनसे निजी कार्य करवाना बेहद निंदनीय है। एक्स पर @Ershaktilochan नाम के एक यूजर ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “यहां देखिए, कैसे मैडम बच्चों का भविष्य बना रही हैं। अपनी स्कूटी का कीचड़ साफ करवा कर।”
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने इस पर संज्ञान लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच करवाई जाएगी और जरूरत पड़ी तो उचित कार्रवाई की जाएगी। इस वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। एक यूजर ने कटाक्ष करते हुए कहा, “बच्चों ने स्कूटी का कीचड़ तो हटा दिया, अब मैडम के दिमाग का कौन हटाएगा?” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “ऐसी शिक्षिका को तुरंत निलंबित करना चाहिए।” एक व्यक्ति ने यह भी कहा, “ये सरकारी नौकरी का घमंड है, जो बच्चों को नौकर समझ रही हैं।”