बच्चे को गोद में लेकर ऑटो चलाता दिखा पिता
- फोटो : इंस्टाग्राम @rithuuuuuu._
बेंगलुरु की बिजी सड़कों से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। वीडियो में एक ऑटो ड्राइवर अपने छोटे बच्चे को गोद में लिए ऑटो चलाता हुआ नजर आ रहा है। काम और जिम्मेदारी के बीच इस पिता का यह रूप देखकर लोग भावुक हो गए। लोग इस वीडियो को तेजी से शेयर कर रहे हैं और कमेंट कर अपनी भावनाएं भी शेयर कर रहे हैं। तो आज की इस खबर में हम भी आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो बेंगलुरु की रहने वाली एक महिला, रिथु (@rithuuuuuu._) ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया। कुछ ही समय में यह क्लिप इंटरनेट पर तेजी से फैल गई और लाखों लोगों ने इसे देखा। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया था, “वह कमाने के लिए गाड़ी चलाता है, लेकिन वह अपने लिए वही ढोता है जिसके लिए वह जीता है।” इस लाइन ने लोगों को और भी भावुक कर दिया। क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ड्राइवर भीड़भाड़ वाली सड़कों पर ऑटो चलाते हुए अपने बच्चे को सीने से लगाए हुए है। बच्चे को संभालते हुए भी वह पूरी सावधानी से ट्रैफिक में गाड़ी चला रहा है। यह नजारा इस बात की गवाही देता है कि पिता अपने बच्चों के लिए कितनी मेहनत और जिम्मेदारी उठाता है।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
सोशल मीडिया पर यह वीडियो आते ही लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे। कमेंट सेक्शन भावनाओं से भर गया। किसी ने लिखा, “आपको जिंदगी में सिर्फ सफलता ही मिले।” तो किसी ने अपने निजी अनुभव साझा किए। एक यूजर ने लिखा, “मेरे पिताजी भी ऐसे ही ऑटो चलाते थे। आपको देख कर उनकी याद आ गई। पापा बहुत याद आ रहे हैं।” इस तरह के कमेंट्स से साफ झलकता है कि यह वीडियो कई लोगों के दिल से जुड़ गया। हालांकि, लोगों का यह भी मानना है कि बच्चे की जिम्मेदारी जितनी मां की होती है, उतनी ही पिता की भी होती है। कुछ लोगों ने ड्राइवर की मेहनत और हिम्मत की सराहना की। उन्होंने कहा, “एक इंसान अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए कितना कुछ कर सकता है।” वहीं एक और यूजर ने लिखा, “आपको बहुत शक्ति मिले। आप सच में सुपर डैड हो।” कई यूजर्स ने दिल और प्यार जताने वाले इमोजी भी शेयर किए।
लोगों ने ड्राइवर के जज्बे को किया सलाम
वीडियो पर आई प्रतिक्रियाएं यह साबित करती हैं कि जब कोई पिता अपने बच्चों के लिए संघर्ष करता है तो वह दूसरों को भी इंस्पायर कर देता है। लोग इस ड्राइवर के जज्बे को देखकर उसे सलाम कर रहे हैं। यह नजारा यह भी दिखाता है कि पिता का प्यार अक्सर शब्दों में नहीं बल्कि जिम्मेदारियों को निभाने में दिखाई देता है।