सफर के बाद 500 रुपये को लेकर शुरू हुई बहस
- फोटो : एक्स@SitamarhiJila
आजकल ऑनलाइन कैब सर्विस लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी है। कहीं जाना हो तो लोग घर बैठे ओला और उबर जैसी कंपनियों की कैब बुक कर लेते हैं। इससे न सिर्फ समय बचता है, बल्कि सफर करना भी काफी आसान हो जाता है। हालांकि, कई बार कैब का सफर खत्म होने के बाद कुछ ऐसे मामले सामने आते हैं, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। कभी किराये को लेकर विवाद हो जाता है तो कभी यात्री और ड्राइवर के बीच कहासुनी शुरू हो जाती है। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें कैब ड्राइवर अपने किराये के पैसे मांगता दिखाई दे रहा है।
सफर के बाद 500 रुपये को लेकर शुरू हुई बहस
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इस वीडियो में एक महिला और पुरुष कैब ड्राइवर के साथ बहस करते नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, दोनों ने पहले कैब बुक की और सामान्य तरीके से अपना सफर पूरा किया। लेकिन मंजिल पर पहुंचने के बाद जब भुगतान की बात आई तो मामला बिगड़ गया। वीडियो में एक व्यक्ति ड्राइवर से 500 रुपये को लेकर सवाल करता सुनाई देता है। वह कहता है कि 500 रुपये देकर क्या करोगे? इस पर कैब ड्राइवर भी अपनी बात रखने की कोशिश करता है। देखते ही देखते दोनों तरफ से बहस तेज हो जाती है।
ड्राइवर बोला - पैसे नहीं हैं तो साफ बता दो
वीडियो में महिला और पुरुष लगातार ड्राइवर से पैसों को लेकर सवाल करते दिखाई देते हैं। इस दौरान ड्राइवर बार-बार कहता है कि अगर पैसे नहीं हैं तो साफ बोल दो। वह यह भी कहता है कि उसके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जा सकता। बहस के दौरान ड्राइवर गुस्से में सामने वाले व्यक्ति को भिखारी तक कह देता है। वहीं, वीडियो में 'ओला वाले का पैसा खाते हो तुम लोग' जैसी बातें भी सुनाई देती हैं। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रहती है।
वीडियो देखकर यूजर्स ने कही ये बात
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि कैब ड्राइवर भी मेहनत करके अपनी रोजी-रोटी कमाते हैं। ऐसे में उनका किराया समय पर देना यात्रियों की जिम्मेदारी है। कुछ लोगों ने कहा कि अगर किसी यात्री को कैब के किराये या सर्विस से जुड़ी कोई शिकायत है तो उसे कंपनी के प्लेटफॉर्म पर दर्ज कराना चाहिए। वहीं, कुछ यूजर्स का मानना है कि सफर शुरू करने से पहले किराये और भुगतान से जुड़ी जानकारी देख लेनी चाहिए, ताकि बाद में किसी तरह का विवाद न हो। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।