पत्नी के गहनों पर पति-बेटे ने डाला डाका
- फोटो : AI
दुबई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपने ही बेटे के साथ मिलकर पत्नी के करोड़ों रुपये के गहने, महंगी घड़ियां और नकदी चोरी कर ली। मामला अदालत पहुंचा तो दोनों को जेल की सजा मिली। लेकिन पत्नी ने सिर्फ चोरी हुए सामान की कीमत ही नहीं, बल्कि मानसिक और आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए भी मुकदमा कर दिया। अब अदालत ने पति और बेटे को मिलकर करीब 40 करोड़ रुपये चुकाने का आदेश दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह कहानी
पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी दौरान पति ने अपने बेटे के साथ मिलकर घर में रखे पत्नी के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। आरोप था कि दोनों ने 100 से ज्यादा सोने और हीरे के गहने, महंगी घड़ियां और बड़ी मात्रा में नकदी चोरी की। इस सामान की कुल कीमत 15.1 मिलियन दिरहम यानी करीब 38 करोड़ रुपये बताई गई।
पहले मिली जेल की सजा, फिर पहुंचा मामला सिविल कोर्ट
चोरी का पता चलने के बाद पत्नी ने पुलिस और अदालत का दरवाजा खटखटाया। क्रिमिनल कोर्ट में सुनवाई के बाद पति और बेटे को चोरी का दोषी पाया गया। अदालत ने दोनों को एक-एक साल जेल की सजा सुनाई। साथ ही चोरी किए गए सामान की कीमत के बराबर 15.1 मिलियन दिरहम चुकाने का आदेश भी दिया। हालांकि, पत्नी इससे संतुष्ट नहीं हुई। उसका कहना था कि इस घटना की वजह से उसे सिर्फ गहनों और पैसों का नुकसान नहीं हुआ, बल्कि मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ी। इसलिए उसने सिविल कोर्ट में 50 मिलियन दिरहम यानी करीब 125 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की।
सोने की बढ़ती कीमत का भी मांगा मुआवजा
पत्नी ने अदालत में दलील दी कि जब उसके गहने चोरी हुए थे, उसके बाद सोने की कीमतों में करीब 70 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई। अगर गहने उसके पास होते तो वह इस बढ़ी हुई कीमत का फायदा उठा सकती थी। उसने करीब 11 मिलियन दिरहम के संभावित मुनाफे का नुकसान भी मांगा। इसके अलावा मानसिक परेशानी के लिए 23.9 मिलियन दिरहम मुआवजे की मांग की। हालांकि, अदालत ने सोने की कीमत बढ़ने से होने वाले मुनाफे के नुकसान को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने कहा कि ऐसे फायदे के लिए मुआवजा नहीं दिया जा सकता, जो वास्तव में हुआ ही नहीं।
पति और बेटे को मिलकर देने होंगे 40 करोड़
अदालत ने माना कि पत्नी 18 महीने से ज्यादा समय तक अपने कीमती सामान से दूर रही। उसे सामान वापस पाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई भी लड़नी पड़ी। इस दौरान हुई मानसिक परेशानी को देखते हुए कोर्ट ने एक मिलियन दिरहम अतिरिक्त मुआवजा देने का आदेश दिया। इस तरह पति और बेटे को संयुक्त रूप से 16.1 मिलियन दिरहम यानी करीब 40 करोड़ रुपये चुकाने होंगे। इसमें चोरी हुए सामान की कीमत और मानसिक व आर्थिक नुकसान का मुआवजा शामिल है।