इतनी सुंदर लिखावट कि नजरें हटाना मुश्किल
- फोटो : इंस्टाग्राम handwriting_pavan_sir
सुंदर हैंडराइटिंग देखकर हर किसी का ध्यान एक बार जरूर रुक जाता है। लेकिन विजयवाड़ा की एक स्कूल छात्रा की लिखावट देखकर तो सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान हैं। छात्रा के लिखने का अंदाज और एक-एक अक्षर की सफाई ऐसी है कि कई लोग इसे कंप्यूटर से भी बेहतर बता रहे हैं। यही वजह है कि उसका वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। तो आइए जानते हैं कि वीडियो में क्या दिखाया गया है।
पहले मुस्कुराई, फिर लिखकर कर दिया कमाल
यह वीडियो इंस्टाग्राम से शेयर किया गया है। इसमें एक छात्रा दिखाई दे रही है। शुरुआत में वह कैमरे के सामने मुस्कुराती है और फिर पेन उठाकर लिखना शुरू करती है। जैसे ही छात्रा लिखना शुरू करती है, उसकी हैंडराइटिंग देखकर लोगों की नजरें वहीं टिक जाती हैं। अक्षर एक जैसे और बेहद साफ दिखाई देते हैं। लाइनें सीधी हैं और अक्षरों के बीच की दूरी भी काफी सही नजर आती है। पूरी लिखावट देखकर ऐसा लगता है जैसे इसे हाथ से नहीं, बल्कि किसी प्रिंटर से निकाला गया हो।
करोड़ों बार देखा गया वीडियो
छात्रा की इस खास लिखावट ने सोशल मीडिया पर ऐसा ध्यान खींचा कि वीडियो को अब तक 11.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं इसे 64 लाख से ज्यादा लाइक्स भी मिल चुके हैं। वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोग जमकर छात्रा की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि इतनी साफ और सुंदर लिखावट कंप्यूटर से भी बेहतर लग रही है। वहीं कुछ लोगों ने इसे बेहतरीन हैंडराइटिंग का सही उदाहरण बताया। कई यूजर्स तो यह भी पूछ रहे हैं कि छात्रा कौन सा पेन इस्तेमाल करती है और इतनी सुंदर लिखावट के लिए उसने कितनी प्रैक्टिस की है।
लिखावट ने फिर खींचा लोगों का ध्यान
आज के समय में बच्चे पढ़ाई का काफी काम मोबाइल, कंप्यूटर और कीबोर्ड पर करने लगे हैं। ऐसे में हाथ से इतनी सुंदर लिखावट देखकर लोगों का ध्यान जाना स्वाभाविक है। इस वीडियो को देखकर कई लोग अपनी पुरानी कॉपियां और हैंडराइटिंग याद कर रहे हैं। हालांकि, यह कहना सही नहीं होगा कि सुंदर हैंडराइटिंग होने पर परीक्षा में तय तौर पर अतिरिक्त अंक मिलते हैं। लेकिन साफ और आसानी से पढ़ी जाने वाली लिखावट कॉपी को जरूर बेहतर तरीके से पेश करती है। फिलहाल छात्रा की पहचान को लेकर वीडियो में दी गई जानकारी से ज्यादा कुछ साफ नहीं है। लेकिन उनकी मुस्कुराहट और मोतियों जैसी लिखावट ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जरूर जीत लिया है।