CCTV फुटेज में कैद हुई बच्ची के गले से चेन खींचकर फरार हुई लड़की
- फोटो : @KUNDAN00PATEL
Viral Video: चेन स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सबसे जरूरी है सतर्क रहना। हाल ही में चेन स्नैचिंग से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें एक लड़की दिनदहाड़े बच्ची के गले से चेन खींचकर फरार हो जाती है। लड़की जिस तरीके से बच्ची के गले से चेन निकालती है, उसे देखने के बाद आप भी हैरान हो जाएंगे।
वीडियो की शुरुआत एक मार्केट से होती है, जहां एक सब्जी बेचने वाले ठेले पर कुछ महिलाएं खड़ी होकर सब्जी खरीद रही होती हैं। उसी ठेले के पास एक लड़की भी खड़ी होती है, जो पहले तो टमाटर खरीदने का नाटक करती है, लेकिन आखिर में वो जो करती है, वो सबको हैरान कर देता है। लड़की मौका देखकर ठेले के पास खड़ी छोटी बच्ची के गले से कैंची से चेन काट कर फरार हो जाती है। जब तक बच्ची की मां को पता चलता है, लड़की वहां से फरार हो चुकी होती है। बता दें कि ये पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो, सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग के इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर @KUNDAN00PATEL नाम की आईडी से शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में लिखा है, ‘युवती निकली चोर, बच्ची के गले से चेन गायब'। वीडियो को अब तक 58 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि सैकड़ों लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है।
चेन स्नैचिंग के इस वीडियो को देखने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा, ‘बाजारों में बच्चों के साथ जाना ठीक नहीं है, 'सतर्कता ही बचाव है, सावधान रहना जरूरी है’। दूसरे यूजर ने कहा, ‘युवती ने मासूम बच्ची की चेन चोरी की, हाथ में कैंची लेकर चालाकी से काम किया। सतर्क रहें और बच्चों को गहने पहनाकर भीड़ में मत भेजें।