अमेरिका के ह्यूस्टन में विमान में लगी आग
- फोटो : X/@rawsalerts
Viral Video: अमेरिका के ह्यूस्टन में एक बड़ा विमान हादसा टल गया। यूनाइटेड एयरलाइंस के एक विमान में टेकऑफ से ठीक पहले आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान में 104 यात्री और 5 क्रू मेंबर्स सवार थे। आग लगने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बता दें कि रविवार को जॉर्ज बुश इंटरकॉन्टिनेंटल एयरपोर्ट पर यूनाइटेड एयरलाइंस का एक विमान न्यूयॉर्क जाने के लिए रनवे पर तैयार था। तभी उसके एक विंग में अचानक आग लग गई। यात्रियों ने पंखों से निकलती आग देखी तो प्लेन में हड़कंप मच गया। वीडियो में एक यात्री घबराते हुए चिल्लाते नजर आ रहा है- प्लीज, प्लीज, हमें यहां से बाहर निकालो।
कैसे बचाई गई जान?
ह्यूस्टन फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड और जेट ब्रिज की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। वीडियो में यात्री टारमैक पर खड़े दिख रहे हैं, जबकि रेस्क्यू टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल होने की सुचना नहीं है।
आग लगने का कारण अज्ञात
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बयान जारी कर कहा कि यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 1382 को टेकऑफ से ठीक पहले ही रोक दिया गया। आग लगने की असली वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
हाल ही में हुई विमान दुर्घटनाएं
29 जनवरी 2025 को वाशिंगटन डीसी के रोनाल्ड रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास बड़ा विमान हादसा हुआ था। अमेरिकन एयरलाइंस का CRJ-700 जेट और अमेरिकी सेना का ब्लैक हॉक (H-60) हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए थे। टक्कर के बाद दोनों विमान पोटोमैक नदी में गिर गए थे। जेट में 64 यात्री और 4 क्रू मेंबर थे, जबकि हेलीकॉप्टर में 3 लोग सवार थे।
विमान में आग लगने के खतरे
विमान में आग लगने की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। इसके कई कारण हो सकते हैं, जैसे कि तकनीकी खराबी, ईंधन रिसाव या फिर कोई बाहरी वजह। विमान में आग लगने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सबसे अहम होती है। इसलिए विमान में इमरजेंसी स्लाइड और अन्य सुरक्षा उपकरण मौजूद होते हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा सके।