बिजली का करंट लगना कोई मजाक नहीं है। घर हो या ऑफिस, बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल करते समय जरा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। यही वजह है कि स्कूलों और तकनीकी संस्थानों में लोगों को इलेक्ट्रिकल सेफ्टी की ट्रेनिंग दी जाती है। इसमें बताया जाता है कि करंट लगने पर क्या करना चाहिए और ऐसी स्थिति में खुद को सुरक्षित कैसे रखना है। लेकिन सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग ट्रेनिंग से ज्यादा वहां हो रही कॉमेडी की चर्चा कर रहे हैं। वीडियो में बिजली से बचाव का तरीका समझाने के लिए कुछ ऐसा किया गया कि एक के बाद एक लोग जमीन पर गिरते चले गए।
एक के बाद एक गिरते गए लोग
वायरल वीडियो में कुछ लोग एक इलेक्ट्रिकल ट्रेनिंग सेटअप के पास खड़े नजर आते हैं। सबसे आगे सफेद शर्ट पहने एक युवक दिखाई देता है। उसके पीछे कई लोग एक-दूसरे का हाथ पकड़े लाइन में खड़े हैं। इसी दौरान पहला युवक बिजली के पैनल की तरफ हाथ बढ़ाता है और अचानक झटका लगने जैसी प्रतिक्रिया देता है। इसके बाद जो होता है, उसे देखकर किसी की भी हंसी छूट सकती है। पहले युवक के पीछे खड़े लोग भी एक के बाद एक ऐसे झटके खाने लगते हैं, जैसे करंट पूरी लाइन में फैल रहा हो। देखते ही देखते सभी लोग जमीन पर गिर जाते हैं। आखिर में ट्रेनिंग देने वाले प्रोफेसर वहां पहुंचते हैं और बटन बंद करते नजर आते हैं। इसके बाद वह सामने खड़े बाकी लोगों को कुछ समझाते भी दिखाई देते हैं। वीडियो का यह पूरा नजारा लोगों को खूब गुदगुदा रहा है।
क्या सच में एक से दूसरे व्यक्ति को लग सकता है करंट
वीडियो मजेदार जरूर है, लेकिन इसके पीछे एक जरूरी बात भी छिपी है। दरअसल, अगर कोई व्यक्ति बिजली के स्रोत के संपर्क में है और दूसरा व्यक्ति उसे छू लेता है, तो दूसरे व्यक्ति को भी करंट लग सकता है। ऐसा तब होता है, जब दोनों के बीच बिजली के प्रवाह का रास्ता बन जाता है। इसलिए करंट लगने की स्थिति में किसी व्यक्ति को सीधे छूना खतरनाक हो सकता है। सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद करनी चाहिए। जब तक बिजली का संपर्क खत्म न हो जाए, तब तक पीड़ित को हाथ नहीं लगाना चाहिए। इसके बाद तुरंत मदद और मेडिकल सहायता लेनी चाहिए।
यूजर्स बोले- ऐसी ट्रेनिंग तो रोज लेने आएंगे
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों ने इस पूरे नजारे की तुलना डोमिनोज से की, जिसमें एक चीज गिरने के बाद बाकी चीजें भी गिरती चली जाती हैं। वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे ट्रेनिंग के नाम पर कॉमेडी बता दिया। एक यूजर ने लिखा कि यह सीन तो बॉलीवुड फिल्म 'हंगामा' जैसा लग रहा है। वहीं, दूसरे यूजर ने मजाक में कहा कि अगर ऐसी पढ़ाई होती है, तो वह रोज क्लास में जाना पसंद करेगा। हालांकि, कुछ लोगों ने इस तरीके पर सवाल भी उठाए। उनका कहना है कि मस्ती-मजाक अपनी जगह है, लेकिन इलेक्ट्रिकल सेफ्टी जैसी गंभीर चीज की ट्रेनिंग में सही जानकारी देना भी बेहद जरूरी है।