Viral News: शुरुआत में ड्राइवर का व्यवहार नॉर्मल लग रहा था। ड्राइवर का नाम शंकर था और उसने छात्रा से कहा कि वह आगे वाली सीट पर बैठ जाए। लेकिन छात्रा ने मना कर दिया और पीछे की सीट पर बैठ गई।
दिल्ली से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हिला कर रख दिया। यह घटना राजधानी में रहने वाली एक छात्रा के साथ घटी, जो हाल ही में पढ़ाई के लिए यहां आई थी। छात्रा ने जैसे ही कैब बुक की, उसका सफर इतना डरावना हो गया कि वह शायद इसे जीवन भर न भूल पाए। दरअसल छात्रा दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही है। उसकी उम्र 22 साल है और वह मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली है। अभी दो महीने पहले ही वह दिल्ली आई थी और मॉडल टाउन इलाके में किराए के मकान में रह रही है। वह अंबेडकर यूनिवर्सिटी, कश्मीरी गेट से पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही है। उसे यूनिवर्सिटी जाना था। वह देर हो रही थी, इसलिए उसने मोबाइल ऐप से कैब बुक कर ली। करीब 10 मिनट बाद कैब उसके पास पहुंची। हालांकि, उसके बाद जो हुआ, उसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। आइए जानते हैं।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह घटना
शुरुआत में ड्राइवर का व्यवहार नॉर्मल लग रहा था। ड्राइवर का नाम शंकर था और उसने छात्रा से कहा कि वह आगे वाली सीट पर बैठ जाए। लेकिन छात्रा ने मना कर दिया और पीछे की सीट पर बैठ गई। सफर शुरू होने के कुछ ही देर बाद ड्राइवर को पता चला कि छात्रा दक्षिण भारत की रहने वाली है। इसके बाद उसका रवैया अचानक बदल गया। पीड़िता की मानें तो ड्राइवर बार-बार उसे छूने की कोशिश करने लगा और उस पर अश्लील कमेंट करने लगा। हालत तब और बिगड़ गई जब उसने छात्रा के सामने ही गंदी हरकत करना शुरू कर दिया। यह देखकर छात्रा बुरी तरह सहम गई। उसने शोर मचाया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने से इनकार कर दिया। कुछ दूर जाकर ही उसने डीयू नॉर्थ कैंपस के पास कैब रोकी।
छात्रा ने कैब से बाहर लगा दी छलांग
जैसे ही गाड़ी रुकी, छात्रा ने मौका देखकर तुरंत कैब से बाहर छलांग लगा दी और दौड़कर वहां से दूर चली गई। डर के मारे वह बदहवास थी। थोड़ी दूर जाकर उसने अपने दोस्तों को फोन किया और मदद मांगी। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ मौरिस नगर थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने छात्रा की शिकायत दर्ज की और तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्राइवर शंकर को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी की उम्र 48 साल है और वह मलकागंज का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी कार को भी जब्त कर लिया और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए सौंप दिया। सबूत जुटाने के साथ-साथ पुलिस ने छात्रा की काउंसलिंग भी करवाई, ताकि वह मानसिक रूप से संभल सके।
विज्ञापन
कानूनी रूप से मिलती है सजा
कानून के अनुसार अगर कोई व्यक्ति किसी सार्वजनिक जगह पर अश्लील हरकत करता है तो उस पर आईपीसी की धारा 294 लगाई जाती है। इसके तहत दोषी को तीन महीने तक की जेल हो सकती है या फिर उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है। कई बार दोनों सजा भी दी जा सकती है। यह सब अदालत और वरिष्ठ अधिकारियों के विवेक पर निर्भर करता है।