बचपन में दशहरे पर रावण का पुतला जलते देखना बच्चों के लिए सबसे मजेदार पलों में से एक होता था। शाम होते ही लोग मैदान में पहुंच जाते थे और रावण दहन का इंतजार करते थे। लेकिन अब रावण के पुतले भी पहले जैसे नहीं रहे। कहीं इन्हें सबसे ऊंचा बनाने की कोशिश होती है, तो कहीं बारिश से बचाने के लिए वाटरप्रूफ बनाया जाता है। दिल्ली में भी इस बार ऐसा ही कुछ देखने को मिल रहा है। यहां द्वारका सेक्टर-10 के दशहरा मेले में 221 फुट ऊंचा रावण का पुतला चर्चा में है। तो आइए जानते हैं।
221 फुट ऊंचे रावण को देखने के लिए उठानी पड़ेगी गर्दन
सोशल मीडिया पर अन्विका यादव ने इस विशाल रावण का वीडियो शेयर किया है। वह खुद दशहरा मेले में पहुंची थीं और वहां खड़े किए गए रावण की झलक अपने कैमरे में कैद कर ली। वीडियो में रावण का विशाल आकार देखकर लोग हैरान हैं। इसकी ऊंचाई 221 फुट बताई जा रही है। ऐसे में मैदान से इसे देखने के लिए लोगों को अपनी गर्दन काफी ऊपर उठानी पड़ेगी। हालांकि, इसे दिल्ली का सबसे ऊंचा रावण बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं है।
तीन महीने से ज्यादा समय में तैयार हुआ पुतला
इतने विशाल पुतले को तैयार करना आसान काम नहीं है। इसे बनाने में तीन महीने से ज्यादा का समय लगा है। जानकारी के मुताबिक, इसके निर्माण में एक हजार से ज्यादा बांस और करीब 60 टन लोहा इस्तेमाल किया गया है। पुतले का आकार और इसे तैयार करने में लगी मेहनत ही इसे खास बना रही है।
बारिश भी नहीं बिगाड़ पाएगी रावण का खेल
दशहरे के आसपास बारिश होने पर कई बार रावण के पुतले भीग जाते हैं और उनके दहन में परेशानी आती है। इस बार दावा किया जा रहा है कि द्वारका का यह रावण पूरी तरह वाटरप्रूफ है। यानी बारिश होने पर भी इसे सुरक्षित रखने की तैयारी की गई है। हालांकि, इसे वाटरप्रूफ बनाने के लिए किस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
कीमत को लेकर भी हो रही चर्चा
इस विशाल रावण को बनाने में 38 लाख रुपये से ज्यादा खर्च होने की बात कही जा रही है। हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसकी कीमत 45 लाख रुपये तक होने का दावा कर रहे हैं। वहीं, एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि रावण वाटरप्रूफ तो है, लेकिन ओला प्रूफ नहीं। कुछ लोग कोटा में भी ऐसे ही रावण का पुतला बनाने की बात कर रहे हैं। फिलहाल, इस विशाल पुतले का वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है और इसकी ऊंचाई से लेकर कीमत तक पर चर्चा हो रही है।
गुलाब जामुन में निकला चूहा, वायरल वीडियो देख मचा हड़कंप; दुकान पहुंची एफडीए की टीम