कई बार सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियोज वायरल होते रहते हैं, जो दिल दहला देते हैं। अब हाल ही में, दिल्ली में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग के साथ हुई लूट की वारदात का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि यह भी दिखाती है कि छोटे-मोटे अपराधों पर सख्त कार्रवाई न होने के चलते इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर आराम कर रहे हैं। तभी एक युवक वहां आता है और उनसे पता पूछता है। बुजुर्ग कुछ कह पाते, इससे पहले ही वह व्यक्ति अचानक उनकी गर्दन की ओर झपटता है और सोने की चेन छीनने की कोशिश करता है। चोर पूरी चालाकी से बुजुर्ग के सामने खड़ा होकर उनसे बातचीत करता है और जैसे ही उसे मौका मिलता है, वह बड़ी तेजी से हमला कर देता है। बुजुर्ग खुद को बचाने की कोशिश करते हैं लेकिन हमलावर की फुर्ती और हिंसा के आगे वह ज्यादा कुछ नहीं कर पाते। इस झपटमारी में वह नीचे गिर जाते हैं।
दिन दहाड़े छीना चेन
इस घटना के बाद भी चोर नहीं रुकता। बुजुर्ग को गिरा हुआ देखकर वह दोबारा लौटता है, उनके साथ मारपीट करता है और कुछ और सामान भी छीन लेता है। यह पूरी घटना लगभग 36 सेकंड के वीडियो में कैद है, जिसे किसी ने टीवी स्क्रीन से मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया है। इस वजह से वीडियो में बैकग्राउंड में लोगों की बातचीत भी सुनाई देती है।
लोगों ने दिया ऐसा रिएक्शन
वीडियो को 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर @SachinGuptaUP नाम के यूजर ने शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “दिल्ली में दो बदमाश आए, बुजुर्ग से पता पूछा और फिर गले से चेन छीनकर भाग निकले। बुजुर्ग नीचे गिर गए।” इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, “नई दिल्ली को छोड़ बाकी दिल्ली में इस तरह की घटनाएं आम हो गई हैं।” वहीं एक और ने कहा, “अपराध अपने चरम पर है, दिल्ली में कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है।” ज्यादातर लोगों ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि सुरक्षा के मोर्चे पर ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।