चलती बाइक पर खड़े होकर स्टंट करते लड़के
- फोटो : @DelhiPolice
Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ के लिए बच्चे हों या बड़े सभी कुछ भी करने को तैयार हैं। इसके कारण कई लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है, जिनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। अब इन दिनों दिल्ली से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ बाइक सवार युवक दिल्ली पुलिस की गाड़ी के सामने ही खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में आप देख सकते हैं कि, दो लड़के बाइक पर बैठ कर जा रहे होते हैं। इतने में वो चलती बाइक पर खड़े होकर स्टंट करने लगते हैं। स्टंट करने की होड़ में वो ये भूल जाते हैं कि उनके आगे दिल्ली पुलिस की गाड़ी जा रही होती है। बता दें कि किसी ने खतरनाक स्टंट करते इन लड़कों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो सामने आते ही दिल्ली पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में बाइक और स्टंट करने वाले युवकों की पहचान कर ली गई, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ चालान काट दिया और अब आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।
खतरनाक स्टंट करते लड़कों के इस वीडियो को खुद दिल्ली पुलिस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। जिसके कैप्शन में लिखा है, बाइक सवारों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए, वाहन और सवारों की पहचान कर आवश्यक प्रवर्तन कार्रवाई की गई है और चालान जारी किया गया है। उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है। दिल्ली पुलिस सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे उल्लंघनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
चलती बाइक पर खड़े होकर के स्टंट करते लड़कों के इस वीडियो को अब तक कई लोग देख चुके हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर यूजर्स की जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा- आजकल लाइक्स और व्यूज के लिए लोग अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से भी पीछे नहीं हटते। दूसरे यूजर ने लिखा- सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ और जिम्मेदारी के बीच के फर्क को सामने ला दिया है। तो वहीं कई यूजर्स ने पुलिस की कार्रवाई को सही बताया, तो कुछ ने कहा कि ऐसे लोगों पर और सख्त सजा होनी चाहिए ताकि दूसरों को भी सबक मिल सके।