चीन में एक इंटरनेट यूजर ने सोशल मीडिया पर खुलासा किया है कि चीनी नव वर्ष की यात्रा की भीड़ के दौरान कई मालिक अपने पालतू जानवरों को वाहनों के बाहर बांधकर जाते दिखे। इसके बाद उस यूजर को 300 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर 62 पालतू जानवरों के शव मिले। वहीं पालतू पशु विशेषज्ञों ने ऐसे असुरक्षित यात्राओं के दौरान बीमारी, घबराहट, भय और किसी धक्के से पशुओं की मौत की चेतावनी दी है।
आठ जानवर कुत्ते थे जबकि बाकी बिल्लियां
24 फरवरी को जारी किए गए अपने वायरल वीडियो में, ब्लॉगर वू जियायू ने कहा कि जब वह सिचुआन प्रांत के लेशान से दक्षिण-पश्चिमी चीन के चोंगकिंग जा रहा था, तब उसे सड़क पर कई जानवरों के पड़े शव दिखाई दिए। वू ने बताया कि इनमें से लगभग आठ जानवर कुत्ते जबकि बाकी बिल्लियां थीं। वे सभी पालतू जानवरों जैसे दिख रहे थे क्योंकि उन्होंने अच्छे कपड़े पहनने के साथ अच्छी तरह से बाल भी संवारे हुए थे। मुझे लगता है कि मालिकों द्वारा देखभाल और सुरक्षा की कमी के कारण परिवहन के दौरान दुर्घटनाओं में उनकी मृत्यु हो गई होगी। वू जियायू ने कहा कि मृत जानवरों को देखकर उनका दिल दुख से भर गया क्योंकि उनके पास भी एक पालतू कुत्ता है, जो बॉर्डर कॉली नस्ल का है।
पालतू जानवरों को लटकाने के लिए बुने हुए थैलों या प्लास्टिक थैलों का इस्तेमाल
कई पालतू जानवरों के मालिक हाल ही में प्रचलित एक ट्रेंड को फॉलो कर रहे हैं, जिसके तहत वे अपने पालतू जानवरों को वाहनों के अंदर नहीं रखते, बल्कि उन्हें बाहर लटका देते हैं। इस साल चीनी नव वर्ष मनाने के लिए अधिकतर लोग इसी ट्रेंड को फॉलो करते हुए अपने पालतू जानवरों को गाड़ी से लटकाकर घर लौट रहे थे। कुछ मालिक जानवरों को रखने के लिए पिंजरों या हवादार बक्सों का उपयोग करते हैं, जबकि कुछ लोग कुत्तों को कार के बूट के बाहर लटकाने के लिए बुने हुए थैलों या प्लास्टिक के थैलों का इस्तेमाल करते हैं।
पालतू जानवरों को वाहनों के बाहर लटका देने वाले ट्रेंड के इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर @WarrenVsCCP नाम की आईडी से 24 फरवरी 2026 को शेयर किया गया था। जिसके कैप्शन में लिखा है, अपनी कारों को साफ रखने के लिए, कुछ लोग कुत्तों को बोरियों में डालकर गाड़ी चलाते समय उन्हें कार के बाहर लटका देते हैं। सर्दी, गर्मी, हवा, डर—कोई फर्क नहीं पड़ता। ये संस्कृति नहीं, ये क्रूरता है। 6 सेकंड के इस वीडियो को अब तक कई हजार बार देखा जा चुका है।
वू ने कहा कि मुझे उम्मीद नहीं थी कि मेरा वीडियो वायरल हो जाएग और इतने सारे लोग पालतू जानवरों के जीवन के प्रति सहानुभूति रखते होगे। मैं सभी पालतू जानवरों के मालिकों से अपील करना चाहूंगा कि वे अपने प्यारे पालतू जानवरों का पालन-पोषण अच्छे तरीके से करें और उन्हें कभी भी ऐसे न छोड़े।