चीन के जनरल कोच का ऐसा हाल नहीं देखा होगा
- फोटो : इंस्टाग्राम thebharatpost_
चीन का नाम आते ही आंखों के सामने चमचमाती बुलेट ट्रेन, आधुनिक स्टेशन और हाईटेक सुविधाओं की तस्वीर उभरती है। लेकिन इसी चीन की एक लोकल ट्रेन का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर अलग ही कहानी सुना रहा है। ट्रेन के जनरल कोच में ऐसा नजारा देखने को मिला कि भारतीय इंटरनेट यूजर्स भी इसे देखकर हैरान रह गए। कहीं यात्री फर्श पर चादर बिछाकर बैठे हैं तो कहीं सिगरेट का धुआं पूरे डिब्बे में फैला हुआ है। सीट न मिलने पर कुछ यात्री अपनी फोल्डिंग कुर्सियां लेकर ही ट्रेन में पहुंच गए। तो आज की इस खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे सफर का वीडियो भारतीय ट्रैवल यूट्यूबर नोमाड शुभम ने चीन यात्रा के दौरान रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह ट्रेन के जनरल कोच की स्थिति दिखाते हुए कहते हैं कि यहां लोगों ने पूरा डिब्बा धुआं-धुआं कर रखा है। खास बात यह है कि ट्रेन का डिब्बा एयर कंडीशन्ड है और उसके दरवाजे-खिड़कियां बंद हैं।
फर्श पर चादर बिछाकर बैठे दिखे यात्री
कैमरा आगे बढ़ता है तो कोच की भीड़ और अव्यवस्था साफ नजर आती है। कुछ यात्री सीट नहीं मिलने के कारण फर्श पर ही चादर बिछाकर बैठे हुए हैं। एक यात्री तो लोअर बर्थ के नीचे की जगह में घुसकर सोता दिखाई देता है। यह देखकर शुभम भी चौंक जाते हैं और इसे एक्सट्रीम लेवल बताते हुए कहते हैं कि उन्होंने भारत में भी ऐसा नजारा नहीं देखा।
प्लास्टिक की कुर्सियों पर बैठे दिखे यात्री
वीडियो में ट्रेन के टॉयलेट के आसपास का रास्ता भी यात्रियों के सामान और बैठने की वजह से बाधित नजर आता है। वहीं, जिन लोगों को सीट नहीं मिली, उन्होंने अपने साथ प्लास्टिक या कपड़े की फोल्डिंग कुर्सियां रख लीं। कई यात्री इन्हीं कुर्सियों को गलियारे में लगाकर आराम से बैठे दिखे। सबसे ज्यादा चर्चा ट्रेन में खुलेआम स्मोकिंग को लेकर है। शुभम जब एक लड़की से पूछते हैं कि क्या यहां ट्रेन में सिगरेट पीने की अनुमति है, तो वह हां में जवाब देती है। धुएं के बीच शुभम यह कहते भी सुनाई देते हैं कि यहां सांस लेना मुश्किल हो रहा है।
यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
शुभम के मुताबिक चीन की इन जनरल ट्रेनों का माहौल काफी हद तक भारत जैसा ही नजर आता है। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां का सस्ता जनरल कोच भी एसी है और दरवाजे-खिड़कियां बंद रहती हैं। वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसके बाद इस पर बहस छिड़ गई। किसी ने चीन के डेवलपमेंट मॉडल पर तंज कसा तो किसी ने वहां के सिविक सेंस पर सवाल उठाए। वहीं, एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि कम से कम चीन का जनरल कोच एसी तो है।