टीवी का मशहूर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति वर्षों से लोगों का मनोरंजन करता आ रहा है। इस शो में आने वाले कंटेस्टेंट्स अक्सर अपने ज्ञान और टैलेंट से सबको चौंका देते हैं। कई लोग अमिताभ बच्चन से प्रभावित होकर आते हैं तो कई बार उनकी मौजूदगी ही कंटेस्टेंट्स को खास बना देती है। लेकिन हाल ही में शो में एक ऐसा बच्चा आया, जिसने अपनी अलग ही हरकतों से दर्शकों का ध्यान खींच लिया। हालांकि उसके बात करने के टोन ने लोगों का खूब ध्यान खींचा और लोग उसे बदतमीज भी कहने लगे हैं। इस पर कई सारे मीम्स वायरल हो रहे हैं। तो आइए एक नजर डालते हैं।
वायरल वीडियो को देख लोगों का भड़का गुस्सा
यह बच्चा लगातार अमिताभ बच्चन से गुजारिश कर रहा था कि वे सवाल तेजी से पूछें ताकि वह जल्दी-जल्दी जवाब दे सके। कुछ सवालों का जवाब तो उसने बिना ऑप्शन देखे ही दे दिया, जिससे सबको लगा कि वह काफी कॉन्फिडेंट है। लेकिन इसी जल्दबाजी में एक सवाल पर वह फंस गया। हुआ यूं कि सिस्टम पर नया सवाल आते ही उसने ध्यान से देखे बिना तुरंत जवाब बताने की कोशिश की। बाद में जैसे ही उसने ऑप्शन देखे तो वह बार-बार बिग बी से कहने लगा, “ऑप्शन 4 को लॉक कर दीजिए, चार बार लॉक कीजिए।” बच्चन साहब ने भी उसकी जिद मानते हुए जवाब लॉक कर दिया, लेकिन वह गलत निकला।
बच्चे पर बनने लगे खूब सारे मीम्स
बस यहीं से सोशल मीडिया पर इस बच्चे की चर्चा शुरू हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने मीम्स बनाना शुरू कर दिया और बच्चे को ट्रोल करने लगे। किसी ने लिखा कि यह कोबीसी के इतिहास का सबसे मजेदार और संतोषजनक क्लाइमैक्स था। वहीं एक यूजर ने बच्चों को पढ़ाई के साथ संस्कार देने की बात कह डाली।
पंचायत सीरीज को जोड़ते हुए बनाया मीम
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। पंचायत वेब सीरीज का एक फेमस सीन, जिसमें विधायक और सचिव टोन को लेकर बहस करते हैं, उसे एडिट करके इस वीडियो से जोड़ा गया। यूजर्स ने मजाक उड़ाते हुए कहा, “शायद यही बच्चन साहब के दिमाग में चल रहा होगा।” एक और पोस्ट में अमिताभ बच्चन की दो तस्वीरें डालकर लिखा गया, “वह 83 साल के हैं और इस उम्र में ये सब डिजर्व नहीं करते।”
बच्चे के मुंह पर लगाया ताला
कुछ क्रिएटिव लोग बच्चे की एडिटेड क्लिप भी बनाने लगे। एक वीडियो में बच्चे के मुंह पर ताला लगा दिखाया गया और लिखा गया, “ये करना चाहिए था।” वहीं, कुछ यूजर्स ने इस मुद्दे को बच्चों की परवरिश से भी जोड़ दिया। एक शख्स ने बच्चे की फोटो शेयर करते हुए लिखा, “जब आप अपने बच्चे को दो साल की उम्र में ही फोन दे देते हैं और उसे हर चीज़ आसानी से मुहैया कराते हैं तो नतीजा ऐसा ही होता है।” हालांकि, हर किसी ने बच्चे का मजाक नहीं उड़ाया। कुछ लोग उसके सपोर्ट में भी सामने आए। उनका कहना था कि बच्चे को इतनी छोटी सी गलती पर ट्रोल करना सही नहीं है। आखिरकार वह बच्चा ही तो है, जो उत्साह में जरा ज्यादा बोल गया।
लोगों ने की ट्रोलिंग
इंटरनेट पर ट्रोलिंग का असर कितना गहरा हो सकता है, यह इस मामले से साफ दिखाई देता है। किसी ने यहां तक लिख दिया, “लाइक करिए अगर आप भी मेरी तरह इस बच्चे पर हाथ उठाना चाहते हैं।” ऐसे कमेंट्स ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या मजाक और ट्रोलिंग की भी एक हद नहीं होनी चाहिए।