जंगल के रास्ते में साइकिल से जा रहे थे अंकल
- फोटो : इंस्टाग्राम@itz_az_az_786
रात के समय अगर रास्ता सुनसान हो और दोनों तरफ जंगल हो, तो बड़े से बड़ा हिम्मती इंसान भी थोड़ा घबरा सकता है। ऐसे रास्ते पर अगर कोई साइकिल से घर लौट रहा हो तो डर और भी ज्यादा हो सकता है। लेकिन ऐसे ही एक सुनसान रास्ते पर एक कार चालक ने साइकिल सवार की ऐसी मदद की, जिसे देखकर लोग उसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। तो आज की खबर में हम आपको इसी वीडियो के बारे में विस्तार से बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो रात करीब 9 बजे का बताया जा रहा है। इस वीडियो में कार के अंदर से वीडियो बनाया गया है। सामने सड़क पर एक शख्स साइकिल चलाते हुए नजर आ रहा है। उनके पीछे स्कूल ड्रेस में एक बच्ची भी बैठी हुई दिखाई दे रही है।
तभी पीछे से आई कार और दिखी रोशनी
रात के समय जंगल का रास्ता काफी सुनसान नजर आ रहा है। ऐसे में साइकिल सवार धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। तभी पीछे से आ रही कार उनके पास पहुंचती है। कार चालक ने अपनी कार की रोशनी साइकिल सवार के रास्ते पर कर दी और अपनी स्पीड भी धीमी कर ली। इसके बाद वह काफी दूर तक उनके पीछे चलता रहा, ताकि रास्ता अंधेरे में न रहे और साइकिल सवार आराम से आगे बढ़ सकें। वीडियो पर लिखा गया है कि रात के नौ बजे लौटते समय ये चाचा दिखाई दिए। कार होने की वजह से उन्हें रोशनी दिखा दी, ताकि वह भी आराम से घर पहुंच सकें।
छोटी सी मदद ने जीत लिया लोगों का दिल
वीडियो में कार की हेडलाइट से आगे का रास्ता साफ दिखाई देता है और साइकिल सवार उसी रोशनी में आगे बढ़ते नजर आते हैं। देखने में यह मदद भले ही छोटी लगे, लेकिन सुनसान रास्ते पर किसी अनजान शख्स के लिए इस तरह साथ देना काफी मायने रखता है। वीडियो सामने आने के बाद लोग कार चालक की तारीफ कर रहे हैं।
यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
एक यूजर ने लिखा कि भाई आपको दिल से सलाम है। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि आपने दिल खुश कर दिया। एक और यूजर ने लिखा कि यह वीडियो 1 मिलियन तक जाने वाला है। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो यही दिखाता है कि किसी की मुश्किल घड़ी में की गई छोटी सी मदद भी उसके लिए बहुत बड़ी हो सकती है।